लाल निशान छू कर लौटी राप्ती, सहमे लोग
खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर नीचे बह रही राप्ती नदी
संसू, श्रावस्ती : तराई में सोमवार की रात हल्की बारिश के बाद मंगलवार को सुबह तेज धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद आसमान पर बादल घिर गए। बारिश की संभावना बनी हुई है। रात में नेपाल के पहाड़ों पर हुई बारिश से राप्ती नदी का जलस्तर लाल निशान तक पहुंच गया। इसके साथ ही तटवर्ती गांवों के लोग सहम गए। सुबह जलस्तर घटना शुरू हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन आसमान पर घिरे बादल तटवर्ती गांवों के लिए चिता का सबब बने हुए हैं।
खेतों में सूख रही धान की फसल के बीच रात में हल्की बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। धान का अच्छा उत्पादन लेने के लिए अभी भी झमाझम बारिश की उम्मीद किसान लगाए हुए हैं। सुबह तेज धूप खिलने से उमसभरी गर्मी शुरू हो गई। लोगों को इससे परेशान होना पड़ा, लेकिन दोपहर बाद आसमान पर बादल घिरे तो गर्मी से कुछ राहत मिली। राप्ती नदी खतरे के निशान से मात्र 10 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। ऐसे में तटवर्ती गांव बीरपुर लौकिहा, सर्रा, मिश्रपुरवा, भौंसाए, पोंदिला, पोंदली, काला, लक्ष्मनपुर सेमरहनिया आदि के लोग सहमे हुए हैं। नदी के जलस्तर पर लोगों की निगाहे बनी हुई हैं।