नारी के सम्मान से ही बढ़ेगा देश का गौरव
श्रावस्ती अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
श्रावस्ती : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सभी थानों पर भव्य कार्यक्रम हुए। इस दौरान थानों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वर्चुअल संबोधन दिखाया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं व छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। इसकी अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह (धुन्नी सिंह) ने किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं व बालिकाओं के सम्मान से ही स्वस्थ व सु²ढ़ समाज की कल्पना की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की बराबरी की भागीदारी होनी चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए हम सबका दायित्व है। उन्होंने कहा कि महिला ही समाज की जननी है, इसलिए महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ कृत संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देते हुए उनके अधिकारों के बारे में उनको जागरूक करें, ताकि वे प्रत्येक क्षेत्र में आगे आकर उत्कृष्ट कार्य कर गांव, जिले, प्रदेश व देश का नाम रोशन करें। विधायक रामफेरन पांडेय ने कहा कि बेटियां बेटों से किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, लेकिन जरूरत इस बात की है कि बिना भेदभाव के उन्हें भी पढ़ा- लिखाकर आगे बढ़ाया जाय। डीएम टीके शिबु ने कहा कि नारी के सम्मान से ही देश का गौरव बढ़ेगा। एसपी अरविद कुमार मौर्य ने कहा कि पूरे जिले में अभियान चलाकर महिला व बालिका अपराधों पर अंकुश लगाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम व उनके वक्तव्य का सजीव प्रसारण एलईडी वैन के माध्यम से दिखाया गया। कार्यक्रम का संचालन डीपीआरओ किरन व धन्यवाद ज्ञापित जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहन त्रिपाठी ने किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री, विधायक व डीएम ने बाल विवाह मुक्त हस्ताक्षर अभियान व नशामुक्त भारत अभियान में हस्ताक्षर बनाकर लोगों को अपनी बेटियों का बाल विवाह व नशा न करने के लिए प्रेरित किया।