प्रेम प्रसंग में हुई थी मुनक्की की हत्या, दबोचा गया आरोपित
आला कत्ल बरामद सास को खत्म करने आया था भ्रमवश मुनक्की पर कर बैठा वार
संसू, श्रावस्ती : भिनगा कोतवाली क्षेत्र के खाले ककरा गांव में महिला की गला रेत कर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम प्रसंग में उसकी हत्या की गई थी। आरोपित मृतका के सास की जीवन लीला समाप्त करने आया था। भ्रमवश उसने मुनक्की पर वार कर दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के खाले ककरा गांव में 13 सितंबर की रात मुनक्की देवी अपने पति गुड़ई उर्फ ब्रह्मा तथा बच्चों के साथ घर में मौजूद थी। देर रात घर में घुसे बदमाश ने धारदार हथियार से हमला कर मुनक्की की हत्या कर दी थी। पति को भी आरोपित ने मरणासन्न कर दिया था। इस मामले में मृतका के पुत्री की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। पुलिस अधीक्षक अरविद कुमार मौर्य ने तत्काल हत्या का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान आरोपित की पहचान होने के बाद एएसपी बीसी दूबे व सीओ हौसला प्रसाद के निर्देशन में पुलिस की टीम ने खाले ककरा गांव के पास नहर में बनी पुलिस के निकट से हत्यारोपित बालक राम को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी पुलिस ने बरामद कर ली। भिनगा कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। मुनक्की देवी की पुत्री का बालक राम के बेटे से विवाह की बात चल रही थी। इस दौरान मुनक्की व बालकराम भी एक-दूसरे के करीब आ गए थे। परिवार के कुछ लोग इस रिश्ते के विरोध में थे। घटना के दिन गुड़ई की रिश्तेदारी में किसी की मौत हो गई थी। पति-पत्नी दोनों रिश्तेदारी में गए थे। रात में वापस लौट कर अपने घर में सो रहे थे। आरोपित को इनके वापस लौटने की जानकारी नहीं थी। जिस स्थान पर मुनक्की सो रही थी, वहां उसकी सास रघुराई लेटती थी। आरोपित सास की हत्या करने आया था, लेकिन संदेह में मुनक्की की हत्या कर गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। इसके विरुद्ध भिनगा कोतवाली व सिरसिया थाने में पहले से गंभीर आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं।