सखी बूथ पर दिखेगी नारी सशक्तीकरण की झांकी
भूपेंद्र पांडेय श्रावस्ती लोकसभा चुनाव के लिए मतदान दिवस पर नारी सशक्तीकरण की झांकी देखने
भूपेंद्र पांडेय, श्रावस्ती: लोकसभा चुनाव के लिए मतदान दिवस पर नारी सशक्तीकरण की झांकी देखने को मिलेगी। आधी आबादी की ताकत का एहसास कराने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र महिला मतदान कर्मचारियों के भरोसे होगा। इसे सखी बूथ अथवा पिक बूथ का दर्जा दिया जाएगा।
राजनीति से लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं तक महिलाएं मजबूती से दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। अपनी मेधा के बल पर सफलता के झंडे लहरा रहीं महिलाओं को लोकतंत्र की सबसे संवेदनशील जिम्मेदारी देकर उनके शक्ति का परचम बुलंद करने की तैयारी है। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए लगभग एक साल पूर्व से ही तैयारी शुरू हो जाती है। चुनाव के समय चरणवार समीक्षा कर संवेदनशील बिदुओं पर चौकसी बढ़ाई जाती है। लोकतंत्र के इस महापर्व में बेटियां किसी से कम नहीं हैं का संदेश देने के लिए प्रत्येक विधानसभा में कम से कम एक सखी अथवा पिक बूथ बनाया जाएगा। यहां सभी मतदान कर्मचारी महिलाएं ही होंगी। इस बूथ की विधिवत सजावट होगी। यहां मतदाताओं व मतदान कर्मचारियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उच्च स्तरीय रखा जाएगा।निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में प्रशासन ने इसके लिए तैयारी में जुटा है। बूथ चिहित कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्र के एसडीएम की होगी।
-------------
25-25 होंगे मॉडल बूथ
अपर जिलाधिकार योगानंद पांडेय ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा में 25-25 मॉडल बूथ बनाए जाएंगे। इस केंद्र को आकर्षक बनाया जाएगा। परिसर में मैट बिछेगी। गुब्बारों से साज-सज्जा की जाएगी। वोट डालने के बाद मतदाता अपनी सेल्फी ले सके। इसके लिए आदर्श बूथ पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा।
-------------
निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में श्रावस्ती व भिनगा विधानसभा क्षेत्र में एक-एक सखी बूथ बनाया जाएगा। यहां सभी मतदान कर्मचारी महिलाएं ही होंगी। यह प्रयोग निश्चित तौर पर समाज में नारी सशक्तीकरण का मजबूत संदेश देगा।
-दीपक मीणा, जिला निर्वाचन अधिकारी, श्रावस्ती।