मल्हीपुर में लगती थी पयागपुर राजा की अदालत
बाबूराम पाठक, मल्हीपुर (श्रावस्ती): जमुनहा ब्लॉक के ग्राम पंचायत मल्हीपुर में पयागपुर के राजा यादवें
बाबूराम पाठक, मल्हीपुर (श्रावस्ती): जमुनहा ब्लॉक के ग्राम पंचायत मल्हीपुर में पयागपुर के राजा यादवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत लगती थी। पहले मल्हीपुर छोटी रियासत हुआ करती थी। इसमें 60 गांव आते थे। यहां स्थित भव्य राज महल आज भी गांव के समृद्धशाली इतिहास की गवाही देता है। प्राचीन शिव व देवी मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का बड़ा केंद्र है। वर्तमान में मल्हीपुर को तहसील व ब्लॉक मुख्यालय का दर्जा प्राप्त है। मल्हीपुर में छह अलग-अलग दिशाओं में जाने के लिए रास्ते बने हुए हैं। गांव नेपाल सीमा से सटा है। यहां की पशु बाजार जिले में काफी प्रसिद्ध है।
इन पर है नाज-
मुख्तियार मिश्रा, नानमून वर्मा, सरजू सिंह, यूनुस खान, नफीस खान, जिला पंचायत सदस्य अच्छन व राम उजागर वर्मा प्रगतिशील सोच वाले तथा गांव के हितैषी माने जाते हैं। इन परिवारों के लोग गांव के लोगों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
ये है खूबी-
यहां स्थित राजा पयागपुर का प्राचीन महल आज भी क्षेत्र के लोगों के लिए दर्शनीय है। शिव मंदिर व देवी मंदिर में पूजन-अर्चन के लिए भीड़ उमड़ती है। नेपाल से सटा होने के कारण यहां की छोटी सी बाजार में भीड़ बनी रहती है।
आधारभूत ढांचा-
चार मजरों वाली ग्राम पंचायत की कुल आबादी लगभग 3500 है। यहां 2200 मतदाता पंजीकृत हैं। तहसील कार्यालय व ब्लॉक मुख्यालय होने से गांव के निकट ब्लॉक कार्यालय, थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित है। चार प्राथमिक तथा एक उच्च प्राथमिक विद्यालय भी चल रहा है।
यह हो तो बने बात-
-राज महल का जीर्णोद्धार कर पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने की जरूरत है।
-महिला इंटर कॉलेज का निर्माण हो तो छात्राओं की शिक्षा-दीक्षा मजबूत हो।
-शुद्ध पेयजल के आपूर्ति के लिए पानी के टंकी की दरकार है।
-गांव के कई मजरों में विद्युतीकरण न होना अखरता है।
-जर्जर सड़कें दुरुस्त हों तथा एएनएम सेंटर का संचालन हो तो बात बनें।
वर्जन
शासन से मिलने वाले बजट का प्रयोग गांव के विकास में किया जा रहा है। ब्लॉक व तहसील मुख्यालय होने से यहां अभी काफी कुछ होना बाकी है। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
-नफीस खां, प्रतिनिधि ग्राम प्रधान, मल्हीपुर।
क्षेत्र पंचायत से गांव में प्रकाश व इंटरलॉकिंग सड़क आदि पर काम किया जा रहा है। पाइप लाइन पेयजल योजना मेरे प्रस्ताव में है। गांव को महत्वपूर्ण सुविधाएं मिले। इसके लिए प्रयासरत हैं।
-राम उजागर वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य, मल्हीपुर।