कुएं में कूदकर नगर पालिका कर्मचारी ने दी जान
श्रावस्ती नगर पालिका परिषद भिनगा में तैनात एक कर्मचारी ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।
श्रावस्ती : नगर पालिका परिषद भिनगा में तैनात एक कर्मचारी ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह उसका शव घर से कुछ ही दूरी पर कुएं से मिला। सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने मानसिक रूप से परेशान होने के चलते आत्महत्या करने को बताया है। परिवारजन ने नगर पालिका अध्यक्ष व ईओ पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मृतक के परिवारीजन की तहरीर पर पुलिस ने चेयरमैन व ईओ समेत अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया है।
नगर पालिका में तैनात कर्मचारी असगर अली की करीब तीन वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। उसकी जगह पर पुत्र रेहान (24) को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनाती मिली थी। नियुक्ति के बाद से ही रेहान मंगलभट्ठा स्थित पानी टंकी पर जलापूíत का कार्य देखता था। परिवारीजन का आरोप है कि नगर पालिका की ओर से उसे 24 घंटे की ड्यूटी के लिए मजबूर किया जाता था। आरोप यह भी है कि डीजल की पर्ची पर भी जबरन हस्ताक्षर करने को विवश किया जा रहा था, जिससे वह काफी परेशान था। इसको लेकर कई बार वह नगर पालिका में शिकायत भी कर चुका था। शुक्रवार की रात रेहान ने अपने घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक कुएं में कूदकर आत्महत्या कर लिया। परिजन के साथ नगर पालिका के कुछ सभासदों ने इसे दबाव में उठाया गया कदम बताते हुए सुबह कोतवाली का घेराव किया। ईओ अवधेश कुमार भारती व चेयरमैन अजय आर्य समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को कहा। इन लोगों का आरोप है कि गलत तरीके से डीजल लेने को लेकर ईओ और चेयरमैन रेहान पर दबाव बनाते थे। इसकी शिकायत वह पहले भी कर चुका है, लेकिन किसी ने ध्यान नही दिया। मृतक के छोटे भाई इरफान की तहरीर पर पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष व ईओ समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।