ईद पर झलकती रही सौहार्द की तहजीब
प्रेम व भाईचारे का प्रतीक ईद पर्व पूरे जिले में अमन-चैन के साथ मनाया गया।
श्रावस्ती : प्रेम व भाईचारे का प्रतीक ईद पर्व पूरे जिले में अमन-चैन के साथ मनाया गया। लोगों ने घरों में नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की व कोरोना से मुक्ति की दुआ मांगी।
भिनगा नगर स्थित ईदगाह में इमाम मुफ्ती जलालुद्दीन के नेतृत्व में मुफ्ती मौलाना मुहम्मद वसीम बेग, मुफ्ती कारी आलमीन रजा, मुफ्ती हाफिज मुहम्मद फौने रजा व मुफ्ती हाफिज अब्दुल रब ने ईद की नमाज अदा की।
लॉकडाउन के चलते मस्जिदों व ईदगाहों में सन्नाटा पसरा रहा। सिर्फ पांच-पांच लोगों ने ही मस्जिदों व ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की, जबकि अन्य लोगों ने घरों पर ही नमाज पढ़ी। एसपी अनूप सिंह व एएसपी बीसी दूबे समेत अन्य पुलिस अधिकारी दिन भर भ्रमण शील रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। मस्जिदों व ईदगाहों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रही। सिरसिया, गिलौला, इकौना, जमुनहा, लक्ष्मननगर, मल्हीपुर, रतनापुर, सोनवा समेत अन्य स्थानों पर भी ईद की नमाज सकुशल संपन्न हुई। लोगों ने मुल्क की तरक्की व खुशहाली की दुआ के साथ-साथ देश को कोरोना से मुक्ति की दुआ भी मांगी। ईद की नमाज के बाद अधिकांश लोग गले मिलने के बजाय शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए दुआ-सलाम कर एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी। बच्चों और महिलाओं में ईद पर्व को लेकर खासा उत्साह रहा। ईदगाहों व मस्जिदों के आसपास प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस टीम मुस्तैद रही।