'गांव की पगडंडियों से जाता है विकास का रास्ता'
किसान कल्याण मिशन के तहत ब्लॉक मुख्यालयों पर लगा किसान मेला गिनाई सरकार की उपलब्धियां
श्रावस्ती : प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को किसान कल्याण मिशन के तहत सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर किसान गोष्ठी एवं कृषि मेले का आयोजन किया गया। स्टॉल लगाकर विभिन्न विभागों की ओर से चलाए जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। वैज्ञानिक विधि से खेती कर किसानों को आय दोगुनी करने का मंत्र भी दिया गया। इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित मेले का शुभारंभ श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय ने किया।
विधायक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। देश के विकास का रास्ता गांव के पगडंडियों से होकर गुजरता है। ऐसे में गांव का किसान खुशहाल होगा सभी देश में खुशहाली आएगी। खेतों में अनाज का उत्पादन बढ़ाने व किसानों की आय दोगुनी करने के लिए परंपरागत खेती से ऊपर उठकर आधुनिक व वैज्ञानिक खेती को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। किसानों को अनुदानित दर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। समय से बीज व उर्वरक मुहैया कराना सरकार की प्राथमिकता में है। विधायक ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर प्रदर्शनी को देखा। नमी सूचक यंत्र, आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र के अलावा उद्यान विभाग, कृषि व पशुपालन विभाग से संचालित योजनाओं के लाभार्थी किसानों को लाभांवित किया। बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में अनन्या शर्मा को एक हजार रुपये भेंट किए। किसानों को सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में संचालित योजनाओं के बारे में बताया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश दुबे, बीडीओ एससी त्रिपाठी, सीडीपीओ श्यामू सिंह, ईओ प्रेमनाथ, डीसीवीओ अमर सिंह मौजूद रहे। सिरसिया ब्लॉक में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कैराती ने मेले का शुभारंभ किया। फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत जानकीनगर के किसान राजेश कुमार को टैक्ट्रर की चाबी प्रदान की। इस मौके पर उप निदेशक कृषि कमल कटियार, पूर्व जिपं अध्यक्ष रमन सिंह, महामंत्री दिवाकर शुक्ला, उदय प्रताप त्रिपाठी मौजूद रहे। हरिहरपुररानी ब्लॉक में भाजपा महामंत्री रणवीर सिंह व बीडीओ यशोवर्धन सिंह तथा जमुनहा ब्लॉक में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगदंबा प्रसाद वर्मा व बीडीओ डॉ. जितेंद्र नाथ दुबे ने किसान कल्याण मिशन के तहत मेले का शुभारंभ किया।