आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदेश सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में दुष्कर्म व हत्या की वारदातें बढ़ने का आरोप लगाते हुए सरकार को बर्खास्त करने की मांग उठाई।
शामली, जेएनएन। मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदेश सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में दुष्कर्म व हत्या की वारदातें बढ़ने का आरोप लगाते हुए सरकार को बर्खास्त करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहद खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों का हौसला बढ़ रहा है। प्रदेश में महिलाओं के साथ दुष्कर्म, छेड़खानी और हत्या की वारदात बढ़ रही हैं। अपराधियों को पुलिस का भय नहीं है। पुलिस की लापरवाही, निष्क्रियता और उदासीनता चरम पर है। पड़रौना, बुलंदशहर, प्रतापगढ़, गोरखपुर, लखनऊ, बांदा, झांसी समेत विभिन्न जिलों में बच्चियों ने आत्महत्या की। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष राजेंद्र पहलवान, युवा जिलाध्यक्ष बब्लू कश्यप, जगपाल कश्यप, विकास कश्यप, सोनू, सत्यप्रकाश, शोराम सिंह आदि शामिल रहे।
आपत्तियों पर सुनवाई चार दिसंबर को
शामली: एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर का विकास परियोजना के निर्माण व चौड़ीकरण के तहत जनपद शामली के क्षेत्र में प्रभावित भूमि, परिसम्पत्तियों के भू-अर्जन के लिए प्राप्त आपत्तियों की सुनवाई आगामी चार दिसंबर को दोपहर एक बजे की जाएगी। उक्त सुनवाई के संबंध में उन्होंने बाबरी निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र समयसिंह को अपने आपत्ति प्रार्थना पत्र के संबंध में सुनवाई के लिए कलक्ट्रेट में पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।
चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कैराना क्षेत्र के गांव नंगलाराई निवासी मुरसलीन ने कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि गांव के ही अफजाल, इकबाल उर्फ बाला, इनाम व शाहरूख ने उसके साथ में गाली-गलौज कर मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गया। इसके बाद उसे कैराना के अस्पताल में ले जाया गया, वहां से उसे मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।