गांव प्रधान और सचिव पर ग्राम निधि की राशि हड़पने का आरोप
गांव प्रधान और सचिव पर ग्राम निधि की
गांव प्रधान और सचिव पर ग्राम निधि की राशि हड़पने का आरोप
शामली, जागरण टीम। गांव भाटू निवासी दो लोगों ने ग्राम प्रधान व सचिव पर ग्राम निधि से निकाले गए पैसे को विकास कार्य में न लगाकर हड़प जाने का आरोप लगाया है। साथ ही डीएम से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव भाटू निवासी अजब सिंह व प्रदीप ने डीएम को एक प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि उनके गांव भाटू के ग्राम निधि प्रथम व द्वितीय के खातों से जो पैसे की निकासी हुई है, ग्राम प्रधान व सचिव ने उसे गांव के विकास में न लगाकर स्वयं ही हड़प लिया है। उनका आरोप है कि वर्तमान ग्राम प्रधान को एक वर्ष की धनराशि 9,39,763 रुपये मिली है, जिसे प्रधान ने गांव के विकास में न लगाकर अपने चाचाओं के खाते में ट्रांसफर कर दी है। इसके अलावा विभिन्न तारीखों में भी खातों में पैसे डाले गए हैं।
अजब सिंह व प्रदीप का आरोप है कि ग्राम प्रधान का चाचा गांव के ही एक कोल्हू पर काम करता है, जिसके खाते से निकासी भी की गई है। इसके अलावा प्रधान का एक और चाचा जो मंगलौर में रहता है, उसके खाते में भी नकदी ट्रांसफर कर निकासी की गई है। उक्त धनराशि को गांव में कोई भी साफ सफाई कार्य, नाला मरम्मत कार्य, हैंडपंप रिबोर कार्य, आरसीसी सड़क निर्माण कार्य में नहीं लगाया गया है। मनरेगा में कार्यों हेतु मिट्टी का कार्य मजदूरों से न कराकर ट्रैक्टर से कराया गया। मजदूरों से केवल मिट्टी को समतल कराया गया।
मस्ट्रोल में जो आदमी दिखाए गए हैं, उन रास्तों पर किसी मजदूर ने काम नहीं किया, जिन मजदूरों ने काम किया है वे प्रधान के परिवार से ही संबंधित है। ये लोग संपन्न परिवारों से हैं और मजदूरी पर भी नहीं जाते। दोनों ग्रामीणों ने गांव प्रधान पर धनराशि को हड़पने का आरोप लगाते हुए डीएम से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
.....
इनका कहना है ....
सभी विकास कार्य कराए गए हैं। किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं है। टीम मौके पर आकर जांच कर सकती है। जानकारी के अभाव में भुगतान की प्रक्रिया में कुछ चूक रह गई थी।
-गुलशन, गांव प्रधान