यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर आवागमन शुरू
कैराना क्षेत्र में यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर सोमवार को वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। 55 घंटे के लॉकडाउन में बॉर्डर पर पुलिस ने सील लगा दी थी।
शामली, जेएनएन। कैराना क्षेत्र में यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर सोमवार को वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। 55 घंटे के लॉकडाउन में बॉर्डर पर पुलिस ने सील लगा दी थी। पुलिस ने आवागमन को देखते हुए सघन चेकिग अभियान चलाया। इस दौरान कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध को लेकर कांवड़ियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
प्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी को लेकर 55 घंटे के लिए लॉकडाउन लागू किया था। इसके बाद कैराना में स्थित यूपी-हरियाणा बॉर्डर को पुलिस ने सील कर दिया था। यहां पुलिस सख्ती के साथ लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित कराती हुई नजर आयी थी। बॉर्डर से पुलिस केवल ऐसे वाहनों को गुजरने दे रही थी, जो माल वाहक, अनुमति प्राप्त या फिर इमरजेंसी की स्थिति में जा रहे हो। बेवजह आवागमन पर वाहनों को रोक कर वापस ही भेजा गया था। सोमवार सुबह पांच बजे लॉकडाउन की समय अवधि समाप्त होने पर यूपी-हरियाणा बॉर्डर से सील हटाई गयी। इससे बॉर्डर से वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। पुलिस ने यमुना ब्रिज पुलिस चौकी के सामने सघन चेकिग अभियान चलाया। पुलिस ने वाहनों की सघन तलाशी लेने के बाद ही उन्हें आने-जाने दिया। वहीं, चेकिग के दौरान पुलिस वाहनों में कांवड़ियों पर भी पैनी नजर रखी। कोई कांवड़ में तो शामिल नहीं है। यमुना ब्रिज यूपी-हरियाणा बॉर्डर पुलिस चौकी पर दिनभर चेकिंग अभियान चलाया गया।