बारिश-ठंड में भी कार्यकर्ताओं में रही उत्साह की गर्माहट
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे ने भाजपा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार किया है। बारिश और ठंड के बीच कार्यकर्ता डटे रहे और चहुंओर जय श्री राम की गूंज रही। विभिन्न स्थानों पर अमित शाह पर फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन भी हुआ।
जागरण संवाददाता, शामली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे ने भाजपा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार किया है। बारिश और ठंड के बीच कार्यकर्ता डटे रहे और चहुंओर जय श्री राम की गूंज रही। विभिन्न स्थानों पर अमित शाह पर फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन भी हुआ।
चुनावी महासमर चल रहा है और कोरोना संक्रमण के चलते प्रचार को लेकर चुनाव आयोग की पाबंदी हैं। ऐसे में कोई बड़ी रैली-जनसभा तो नहीं हो रही, लेकिन कैराना में पलायन से लौट परिवारों से मिलने, घर-घर जाकर जनसंपर्क करने और पार्टी पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जिले में पहुंचे। सभी कार्यक्रमों में शामिल होने वालों की संख्या सीमित थी, लेकिन फिर भी काफी कार्यकर्ता पहुंच गए थे। हर कोई उत्साह से भरा था। कैराना की टीचर्स कालोनी में जनसंपर्क करने गए तो पूरा माहौल जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान हो गया। कालोनी के लोग भी शाह को देखने के लिए आतुर थे। जोडवा कुआं में पलायन से लौटे परिवारों से मिलने पहुंचे तो पहले से कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जमा थे। उनके आते ही फिर से नारेबाजी शुरू हो गई। कई घरों से उनपर फूल बरसाए गए। बारिश भी कुछ तेज हो गई थी और ठंड तो काफी थी ही, लेकिन कार्यकर्ता भीगते हुए योगी, मोदी, शाह जिदाबाद, जय श्रीराम, भारत माता की जय आदि का उद्घोष करते रहे। पूरा माहौल ऊर्जामय था। इसके बाद शाह शामली के होटल आर्चिड आए तो वहां भी पदाधिकारियों- कार्यकर्ताओं में उत्साह जबरदस्त था।