लॉकडाउन उल्लंघन में तीन पकड़े, मुकदमा दर्ज
घर में रहो सुरक्षित रहो शासन के आदेश पर जिले में लॉकडाउन लगा है। यह आपकी भलाई के लिए है। शारीरिक दूरी बनाए रखें अनावश्यक बाहर न निकलें अकारण वाहनों से भी न घूमें। पुलिस आपकी सेवा में है। मदद की जरुरत हो तो पुलिस को फोन करें। जान है तो जहान है।
शामली, जेएनएन। 'घर में रहो सुरक्षित रहो, शासन के आदेश पर जिले में लॉकडाउन लगा है। यह आपकी भलाई के लिए है। शारीरिक दूरी बनाए रखें, अनावश्यक बाहर न निकलें, अकारण वाहनों से भी न घूमें। पुलिस आपकी सेवा में है। मदद की जरुरत हो तो पुलिस को फोन करें। जान है तो जहान है।' रविवार को लाउडस्पीकर पर यह घोषणा कर पुलिस ने आमजन को जागरूक किया। इसी के साथ मनमानी करने वालों के वाहनों के चालान काटे। कुछ दुकानें खुली मिलीं तो दुकानदारों को चेतावनी देते हुए बंद करा दिया। सभी चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। लॉकडाउन उल्लंघन में तीन लोगों को पकड़ा भी गया। बिना मास्क घूमने वाले लोगों के चालान किए गए।
55 घंटे के लिए लगे लॉकडाउन का पालन कराने को रविवार को पुलिस ने दुकानों को बंद कराया। इतना ही नहीं, पुलिस ने वाहनों के चालान भी काटे। यह सब हालात तब थे, जब नगर कोतवाली पुलिस दो ई-रिक्शाओं व दो गाड़ियों पर लाउडस्पीकर लगाकर आमजन को जागरूक कर रही थी। बावजूद इसके लोग वाहनों पर बाजारों में निकले हुए थे। ऐसे वाहनों के पुलिस ने चालान काटे। कुछ लोगों को पुलिस ने चेतावनी भी दी। लॉकडाउन उल्लंघन में तीन लोगों को पकड़ा गया। रविवार को जिले में पुलिस ने कुल 290 वाहनों के चालान कर 26150 रुपये जुर्माना वसूला। 498 लोगों का मास्क न लगाने पर चालान किया। इनसे 51350 जुर्माना वसूल किया गया। तीन लोगों को लॉकडाउन उल्लंघन पर पकड़कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। नगर के गुरुद्वारा तिराहा, एसटी तिराहा, विजय चौक, फव्वारा चौक, अजंता चौक पर पुलिस बल तैनात रहा। पूरे नगर में पुलिस की तीन शिफ्टों में ड्यूटी चल रही है। पुलिस अधीक्षक ने सभी को सुरक्षा बरतते हुए ड्यूटी करने के आदेश दिए हैं।