चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे लोगों की कुंडली खंगाल रही पुलिस
शामली जेएनएन पंचायत चुनाव की दस्तक के साथ ही पुलिस प्रशासन जिले में सक्रिय हो गया। पुलिस ने प्रधान पद के दावेदारों की कुंडली खंगालना शुरू कर दिया गया है।
शामली, जेएनएन : पंचायत चुनाव की दस्तक के साथ ही पुलिस प्रशासन जिले में सक्रिय हो गया। पुलिस ने प्रधान पद के दावेदारों की कुंडली खंगालना शुरू कर दिया गया है। पूर्व में प्रधानी चुनाव में रंजिश व आपराधिक घटनाओं की जानकारी करने के बाद इस बार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है। सूची भी तैयार की जा रही है।
अभी तक चुनाव की तारीख घोषित नहीं है, लेकिन गांव की चौपाल पर चुनाव की चर्चा आम हो चली है। बड़े-बुजुर्ग और चुनाव में दखल रखने वाले धुरंधरों में आकंड़ेबाजी की बात हो रही है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिए हैं कि वह अपने क्षेत्र में पड़ने वाले गांवों की भौगोलिक स्थिति व वहां के राजनीतिक महत्वाकांक्षी लोगों के बारे में भी हर पहलू की जानकारी जुटाएं।
--
पुरानी रंजिशों पर भी नजर
गांव प्रधान के चुनाव में रंजिशें हो जाती हैं। कभी-कभी इस प्रकार की रंजिश बड़ा रूप ले जाती है। इस बार चुनाव शांतिपूर्वक हो और लोगों में रंजिश न हो और पुरानी रंजिशें समाप्त हो जाएं। इसके लिए पुलिस कार्रवाई व जांच-पड़ताल में जुटी है।
इन बिदुओं पर विशेष जांच-पड़ताल
- एक गांव में कितने लोग चुनाव की कर रहे तैयारी।
- किस पर मुकदमा है दर्ज, और कितने मुकदमे हैं दर्ज।
- किसके पास शस्त्र लाइसेंस हैं।
- गांव में वर्तमान, पूर्व प्रधान और भावी उम्मीदवार।
- वर्तमान उम्मीदवारों के समर्थक कौन हैं और उनका पूरा ब्यौरा।
- गांव में रह रहे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पूरी जानकारी।
- इन्होंने कहा-
चुनाव शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। चुनावी मैदान में उतरने वाले सभी लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। गांव में रंजिशों का भी पता लगाया जा रहा है
-सुकीर्ति माधव, एसपी।