ट्रैक्टर-ट्रालियों की लगी कतार, शहर में जाम
शहर में जाम की समस्या विकराल बन गई है। गुरुवार को गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार के कारण दिनभर जाम के झाम से लोग परेशान रहे। एंबुलेंस भी फंसी रहीं और बमुश्किल रास्ता मिल सका।
शामली, जेएनएन। शहर में जाम की समस्या विकराल बन गई है। गुरुवार को गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार के कारण दिनभर जाम के झाम से लोग परेशान रहे। एंबुलेंस भी फंसी रहीं और बमुश्किल रास्ता मिल सका। शुक्रवार तक ही राहत मिलने की उम्मीद है।
चीनी मिल में खराबी आ आए, गन्ने की आवक बढ़ जाए जो शहर में जाम लग जाता है। गुरुवार सुबह से ही गन्ने की आवक अधिक थी। एक तो चीनी मिल ने अधिक इंडेंट जारी किया था और बारिश के मौसम को देखते हुए किसान भी काफी संख्या में गन्ना लेकर पहुंचते रहे। ऐसे में सुबह करीब दस बजे ही चीनी मिल गेट से लेकर वीवी इंटर कालेज रोड, हनुमान धाम रोड, भिक्की मोड़ तक ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार लग गईं। शहर में अन्य वाहनों का आवागमन भी अधिक था। ऐसे में जाम की समस्या विकराल रही। सीएचसी आने-जाने वाले मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर के वक्त वर्मा मार्केट तिराहे पर एंबुलेंस भी काफी देर तक जाम में फंसी रही। बड़ी मुश्किल से रास्ता मिल सका। सीएचसी आते-जाते वक्त एंबुलेंस यूं ही फंसती रहीं। शाम को सरकारी-गैर सरकारी कार्यालय से कार्मिक घर जाने से निकले तो जाम की स्थिति और हलकान करने वाली हो गई।
---
महापंचायत भी एक कारण
भैंसवाल गांव में शुक्रवार किसान महापंचायत का आयोजन प्रस्तावित है। काफी किसान इसमें शामिल होने जाएंगे। ऐसे में किसानों का जोर गुरुवार को ही गन्ना डालने पर रहा। अगर किसी की पर्ची नहीं आई थी तो परिचितों की पर्ची पर गन्ना डाला।
----
इंडेंट में की गई कमी
अपर दोआब चीनी मिल के वरिष्ठ प्रबंधक (गन्ना) दीपक राणा ने बताया कि बारिश के संभावना को देखते हुए अधिक इंडेंट जारी किया था। क्योंकि बारिश होने पर गन्ने की आवक कम हो जाती है। बारिश हुई तो, लेकिन हल्की ही। ऐसे में गन्ने की आवक अधिक हो गई है। आगे के लिए इंडेंट में कमी कर दी गई है और शुक्रवार सुबह तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।