कैराना में युवती से दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज
क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इनमें एक आरोपित साजिश में शामिल हैं।
शामली जेएनएन। क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इनमें एक आरोपित साजिश में शामिल हैं।
घटना नगर की है। यहां के रहने वाले व्यक्ति ने कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह मजदूरी पर गया हुआ था। उसकी 19 वर्षीय बेटी घर पर बंधे पशुओं को पानी पिला रही थी। आरोप है कि तभी मोहल्ले का ही रिजवान उसकी बेटी को बुलाकर अपने घर ले गया। जहां पहले से ही आफताब निवासी ग्राम ढकदेई थाना रामपुर मनिहारान सहारनपुर मौजूद था। आरोप है कि आफताब ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित पिता ने बताया कि जब वह घर पर पहुंचा, तो बेटी ने घटनाक्रम के बारे में बताया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत करते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
बच्ची के अपहरण व दुष्कर्म के प्रयास में मुकदमा
थानाभवन : पांच साल की बच्ची के अपहरण के बाद दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व पीड़ित की तहरीर के आधार पर एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उसकी तलाश की जा रही है। अभी तक आरोपित पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पाया है।
क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने गुरुवार शाम थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी पांच साल की बेटी सुबह के समय गांव के ही दूसरे मोहल्ले में स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर गई थी। आरोप है कि गांव का ही एक युवक उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ गांव के जंगल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग व बच्ची को ढूंढते हुए उसका चाचा मौके पर पहुंच गए। लोगों को आते देख आरोपित बच्ची को छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने फहीम कुरैशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।