लुटेरों का नहीें लगा सुराग
शामली जेएनएन। जलालाबाद व गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में दो बिजली घरों पर धावा बोलकर लाखों का तांबा लूटने वाले गिरोह के बारे में पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है।
शामली, जेएनएन। जलालाबाद व गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में दो बिजली घरों पर धावा बोलकर लाखों का तांबा लूटने वाले गिरोह के बारे में पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस ने शामली व पड़ोसी जनपदों में तांबा व सिल्वर गलाने के लिए चलाई जाने वाली भट्ठियों पर नजर टिकाई है। पुलिस अधीक्षक ने बिजलीघर कर्मचारियों व पुलिस को आपसी समन्वय बनाने के आदेश दिए हैं।
13 अक्टूबर को जलालाबाद के गांव अंबेहटा याकूबपुर व 21 अक्टूबर की रात में गढ़ी पुख्ता के गांव दुल्लाखेड़ी के बिजली घरों पर धावा बोलकर वहां तैनात कर्मचारियों को बंधक बना लिया था। शातिर बदमाशों ने दोनों स्थानों पर पुराने ट्रांसफारमर को तोड़कर उनमें से लगभग सत्तर लाख का तांबा लूटा था। इन लूट की घटनाओं से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है। पुलिस अधीक्षक ने बदमाशों को पकड़ने के लिए तीन टीम गठित की है। अभी तक पुलिस टीम बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस का मानना है कि बदमाशों में हो न हो कोई एक बदमाश बिजली विभाग के बारे में जानकारी रखता है। जिस कारण इन घटनाओं को सफलता पूर्वक अंजाम दिया गया है। पुलिस टीम इस बिदु के अलावा कई बिंदुओं पर काम कर रही है। पुलिस टीमों ने शामली व आसपास जनपदों में तांबा व सिल्वर गलाने के लिए चलाई जा रही भट्ठियों पर नजर टिकाई है। इन भट्ठियों को तलाशा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय ने बताया कि उन्होंने सभी थाना प्रभारियों व बिजली घरों के कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाने के लिए कहा है। उन्हें अपने मोबाइल नंबरों का भी आदान प्रदान के निर्देश दिए है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।