येलो टेप और रस्सी के सहारे कोरोना से सुरक्षा की कवायद
कोविड-19 के प्रकोप से बचाव के लिए जिला प्रशासन निरंतर सतर्कता बरत रहा है। वहीं अब पुलिस व प्रशासनिक कार्यालयों में कोविड-19 से बचाव को नया तरीका निकाला है। इसके लिए थाने व दफ्तर आने से रोकने के लिए सुरक्षा चक्र बनाया गया है। इसमें थाने के बाहर येलो टेप लगाई गई है। इस येलो टेप के अंदर आने पर रोक है। इसके साथ ही एआरटीओ कार्यालय में भी रस्सी लगाई गई है।
शामली, जेएनएन। कोविड-19 के प्रकोप से बचाव के लिए जिला प्रशासन निरंतर सतर्कता बरत रहा है। वहीं अब पुलिस व प्रशासनिक कार्यालयों में कोविड-19 से बचाव को नया तरीका निकाला है। इसके लिए थाने व दफ्तर आने से रोकने के लिए सुरक्षा चक्र बनाया गया है। इसमें थाने के बाहर येलो टेप लगाई गई है। इस येलो टेप के अंदर आने पर रोक है। इसके साथ ही एआरटीओ कार्यालय में भी रस्सी लगाई गई है। इस रस्सी के दूसरे छोर पर ही रहकर अपना कार्य बताना होगा। यहां कर्मचारी दूर रहकर ही समस्या सुनकर उसका समाधान कर रहे है।
कोविड-19 से सुरक्षा के लिए माह मार्च से ही लॉकडाउन व्यवस्था लागू की गई थी। लॉकडाउन व्यवस्था का पालन कराने के लिए गाइड लाइन भी बनाई गई, जिसमें मुख्य रुप से शारीरिक दूरी बनाना था। इसके बाद घर पर रहने, सैनिटाइजर या फिर साबुन से हाथ धोना भी बताया गया। गाइड लाइन का पालन कराने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे प्रयास किए हुए है। लोगों से बाजार में भी जरुरी काम होने पर ही आने की अपील की जा रही है। दुकान पर सामान खरीदने के दौरान भी शारीरिक दूरी बनाने को कहा जा रहा है। पुलिस फ्रंट लाइन पर रहकर कोरोना से जंग में मोर्चा संभाले हुए है। लेकिन अब तो पुलिसकर्मी भी संक्रमित होने लगे है। इसका पुलिस व प्रशासनिक विभाग में एक अलग ही संदेश पहुंचा है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासनिक कार्यालय में रस्सी बांधकर व थानों में येलो टेप लगाकर सुरक्षा बरती जा रही है। नगर कोतवाली शामली में मुंशियों वाले कार्यालय के बाहर येलो टेप से एक दायरा बनाया गया है। ताकि बाहर से आने वाले व्यक्ति इस दायरे से बाहर ही रहे। तो एआरटीओ कार्यालय में गेटों पर रस्सी बांधी गई है। विभिन्न कार्याे से आने वाले लोगों को रस्सी से दूर रहकर कार्य कराने की हिदायत दी गई है। एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। नगर कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी सत्य नारायण दहिया ने बताया कि कोतवाली में काफी लोगों का प्रतिदिन आना जाना लगा रहता है। वह और पुलिस, दोनों ही सुरक्षित रहे,इसके लिए येलो टेप लगाकर दायरा बनाया गया है।