पौधारोपण अभियान को पलीता, बिना रोपे ही सूख गए पौधे
धरा को हरा-भरा करने के उद्देश्य से हर साल पौधारोपण अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाता है लेकिन यह अभियान कागजों तक ही सिमटकर रह जाता है। सरकारी महकमों के अफसर ही इसे पलीता लगा रहे हैं।
शामली, जागरण टीम। धरा को हरा-भरा करने के उद्देश्य से हर साल पौधारोपण अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाता है, लेकिन यह अभियान कागजों तक ही सिमटकर रह जाता है। सरकारी महकमों के अफसर ही इसे पलीता लगा रहे हैं। कांधला कस्बे के राजकीय पशु चिकित्सालय में यह नया मामला सामने आया है। पौधे रोपित करने के लिए यहां पौधे मंगाए गए, लेकिन लापरवाही का आलम यह है कि इन पौधों को रोपित करने के बजाय एक ओर रख दिया गया। यह पौधे रखे-रखे सूख गए, लेकिन इनकी सुध नहीं ली गई।
चौतरफा पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत दावे किए जा रहे हैं कि हरियाली ही हरियाली होगी। पर्यावरण को संतुलित करने के लिए सरकारी विभाग भी अपने-अपने लक्ष्य के अनुरूप पौधे रोपित कराने का कार्य कर रहे हैं। कांधला में पौधे रोपित करने के लिए मंगाए गए, लेकिन यह रखे-रखे सूख ही गए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी यशंवत सिंह ने बताया कि पौधे रोपित करने चाहिए थे, यदि पौधे न लगाकर सूखने का मामला है तो इसे दिखवाकर कार्रवाई कराई जाएगी।
लाकडाउन में चलाया चेकिग अभियान, काटे वाहनों के चालान
जागरण संवाददाता, शामली : रविवार को लाकडाउन के दौरान यातायात पुलिस सुबह से ही अलर्ट रही। पुलिस ने वाहन चेकिग अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया वाहनों पर बेवजह घूमने वाले युवकों के वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस के इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
रविवार को लाकडाउन था और बाजार बंद थे। बाजार में भीड़ भी कुछ ज्यादा नहीं थी, लेकिन दोपहिया वाहनों पर सुबह से ही युवकों ने अकारण इधर से उधर दोपहिया वाहनों पर फर्राटा भरना शुरू कर दिया था। इसी के चलते नगर के सभी चौराहों पर यातायात पुलिस ने तैनात होकर ऐसे संदिग्ध युवकों व वाहनों पर नजर रखना शुरू कर दिया था। पुलिस ने सुबह से ही चेकिग अभियान भी चलाया दिया था। इस दौरान एक दर्जन वाहनों के चालान काटे। पुलिस की कार्रवाई से दोपहिया वाहन चालक युवकों में हड़कंप मच गया। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए चालक वाहनों को लेकर गलियों में घुसकर भागते देखे गए। दोपहर बाद तक पुलिस ने चेकिग अभियान चलाया।
जिला यातायात प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान काटे गए। कई दोपहिया-चौपहिया वाहन चालकों को चेतावनी भी दी गई।