ईद-उल-अजहा की तैयारी, बाजारों में दिखी चहल-पहल
ईद-उल-अजहा को लेकर बाजारों में गुरुवार को खासी चहल-पहल रही। महिलाओं बच्चों और युवाओं ने खूब खरीददारी की। कुर्बानी के लिए पशुओं की भी खरीददारी होती रही।
शामली, जेएनएन: ईद-उल-अजहा को लेकर बाजारों में गुरुवार को खासी चहल-पहल रही। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने खूब खरीददारी की। कुर्बानी के लिए पशुओं की भी खरीददारी होती रही।
ईद-उल-अजहा (बकरीद) शनिवार को मनाया जाएगा। इस दिन लॉकडाउन भी है। ऐसे में गुरुवार को बारिश रुकने के बाद बाजार में भीड़ नजर आई। पहले तो ईद-उल-फितर यानी मीठी ईद को ही नए कपड़े, जूते आदि की खरीददारी होती थी, लेकिन अब बकरीद को भी खूब खरीददारी होती है। महिलाओं ने भी खरीददारी की। दिन में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के अधिक भीड़ रही तो शाम के वक्त शहर के लोग बाजार में पहुंचे। शुक्रवार को भी काफी भीड़ रहने की उम्मीद है।
बकरीद पर बकरे व अन्य पशुओं की कुर्बानी की जाती है। इस बार जिले में कहीं भी पशुओं की बिक्री के लिए पैंठ या मंडी नहीं लग रही है। ऐसे में कुर्बानी के लिए पशुओं का प्रबंध करने में परेशानी भी पेश आ रही है। हालांकि जिन पर कुर्बानी वाजिब होती है, ऐसे काफी लोगों ने पशु का प्रबंध कर लिया है। लेकिन काफी लोगों को बकरा या अन्य पशु नहीं मिल पाया है। वह प्रबंध करने में जुटे हुए हैं।