अंतिम यात्रा सेवा समूह ने 11 लोगों की अस्थियों का किया विसर्जन
शामली के अंतिम यात्रा सेवा समूह ने हरिद्वार हर पौड़ी पर अस्थियों का विसर्जन किया।
अंतिम यात्रा सेवा समूह ने 11 लोगों की अस्थियों का किया विसर्जन
शामली, जागरण टीम। कोविड-19 के चलते मृत लोगों का अंतिम संस्कार करने वाले शामली के अंतिम यात्रा सेवा समूह ने हरिद्वार हर की पौड़ी पर अस्थियों का विसर्जन किया। सेवा समूह ने मृतकों की अस्थियों को उनके स्वजन के लेने के लिए अभी तक न पहुंचने पर विसर्जन किया।
शामली की समाजसेवी संस्था अंतिम यात्रा सेवा समूह ने शुक्रवार को 11 अस्थियों का स-सम्मान हरिद्वार में हर की पौड़ी पर विधि विधान से धार्मिक अनुष्ठान कराकर विसर्जित किया। कोरोना काल में लावारिस व्यक्तियों के संस्कार के लिए वरिष्ठ समाजसेवी दिवंगत अजय संगल के सानिध्य एवं अरुण बंसल के निर्देशन में अंतिम यात्रा सेवा समूह का गठन किया। इसका संचालन वर्तमान में टीम मानस अजय संगल कर रही है। कोरोना में जब संस्कार के लिए परिवार के लोगों ने भी मुंह मोड़ दिया था। ऐसी विकट परिस्थिति में समूह के सदस्यों ने आगे आकर, अपने जीवन को खतरे में डालकर कई कोरोना पीड़ित एवं अन्य लावारिस व्यक्तियों का संस्कार अपने खर्चे पर अंतिम यात्रा सेवा समूह के माध्यम से किया। जिनमें लगभग 20 व्यक्तियों का संस्कार किया गया।
इनमें से नौ व्यक्तियों को उनके घर वाले अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अस्थि विसर्जन के लिए लेकर चले गए, लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी 11 व्यक्तियों की अस्थियां लेने कोई नहीं पहुंचा। समूह के सदस्यों ने धार्मिक अनुष्ठान कराकर हर की पौड़ी पर धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार विसर्जन कर इन अस्थियों के लिये मोक्ष की प्रार्थना की। इनमें अनिल चित्रा, मानस संगल, अंकित गोयल, पंकज गुप्ता, राजीव गोयल, राहुल तायल, भूषण जिंदल, प्रदीप गोयल, निशिकांत संगल, प्रमोद वर्मा, सुनील उपाध्याय, रजत गोयल, आशीष जिंदल, वासु धीमान, महेश गोयल, पप्पू कपूर, मनीष नामदेव, कुलभूषण खुराना व सूरज कौशिक समेत विभिन्न लोग शामिल रहे।