बंधन बैंक कर्मचारी से दिनदहाड़े एक लाख रुपये लूटे
कांधला क्षेत्र के गांव गंगेरू से वसूली कर वापस लौट रहे बंधन बैंक के कर्मचारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने एक लाख रुपए की नगदी और टैब लूट लिया। पुलिस ने कांबिग की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
शामली, जागरण टीम। कांधला क्षेत्र के गांव गंगेरू से वसूली कर वापस लौट रहे बंधन बैंक के कर्मचारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने एक लाख रुपए की नगदी और टैब लूट लिया। पुलिस ने कांबिग की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
कस्बे के मोहल्ला गुजरान में बंधन बैंक स्थित है। गुरुवार को बंधन बैंक कर्मचारी हरिओम गांव गंगेरू से वसूली कर बाइक पर वापस कस्बे में लौट रहा था जैसे ही कर्मचारी कांधला गंगेरू मार्ग पर स्थित रजवाहे के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने बैंक कर्मचारी की बाइक में टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर लगने से कर्मचारी गिर गया। आरोप है कि दोनों बदमाश कर्मचारी से रुपयों से भरा बैग और टैब लूट कर रजवाहे की पटरी से होते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक रोजन्त त्यागी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश में कांबिग शुरू कर दी । सीओ कैराना जितेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि बंधन बैंक कर्मचारी अपने साथ एक लाख रुपए की लूट होना बता रहा है। शीघ्र ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।
चरस के साथ आरोपित गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, शामली : कोतवाली पुलिस ने एक आरोपित को चरस समेत गिरफ्तार किया है।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शामली सुकीर्ति माधव के आदेश पर मादक पदार्थो की तस्करी में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। कोतवाली पुलिस ने चेकिग के दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित के कब्जे से पुलिस ने 500 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए आरोपित का चालान कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम वीरपाल उर्फ लाखन निवासी गांव लिसाढ़ बताया है।