सवा पांच घंटे शामली-दिल्ली रेलमार्ग पर रहा मेगा ब्लाक
रविवार सुबह आठ बजकर चालीस मिनट से दोपहर दो बजकर दस मिनट तक शामली-दिल्ली रेलमार्ग पर ट्रेनें नहीं चली। इस दौरान इस रूट पर तीन अंडरपास का निर्माण किया गया।
शामली, जेएनएन। रविवार सुबह आठ बजकर चालीस मिनट से दोपहर दो बजकर दस मिनट तक शामली-दिल्ली रेलमार्ग पर ट्रेनें नहीं चली। इस दौरान इस रूट पर तीन अंडरपास का निर्माण किया गया। कार्य पूरा होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन हो सका। निर्माण कार्य के कारण कई ट्रेन रदद व कई ट्रेन प्रभावित रही।
रेलवे शामली के यातायात निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि रविवार को कांधला-शामली, लोनी व बागपत के बीच तीन मानव रहित रेलवे फाटकों पर अंडरपास का निर्माण किया गया। यहां पर सुबह आठ बजकर चालीस मिनट से दोपहर दो बजकर दस मिनट तक मेगा ब्लाक रखा गया। बताया कि निर्माण कार्य के कारण रात में दस बजे दिल्ली से चलकर शामली आने वाली पैसेंजर ट्रेन 74025 व सुबह पौने छह बजे शामली से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन 74026 रद्द रही। शामली से दोपहर में दिल्ली जाने वाली हरिद्वार पैसेंजर ट्रेन 54476 व दिल्ली से हरिद्वार जाने वाली शामली पैसेंजर ट्रेन भी 54475 रद्द रही। सहारनपुर से शामली में नौ बजे आने वाली पैसेंजर ट्रेन 51910 को शामली में ही रोका गया। दोपहर बाद चार बजे इस ट्रेन को शामली से सहारनपुर के लिए वापस भेजा गया। उन्होंने बताया कि यह कार्य रेलवे के इंजीनियरिग विभाग के अधिकारी अतुल जिंदल, मोहम्मद आशिक अली, रवि कांत सक्सेना की देखरेख में पूरा हुआ। उधर, मेगा ब्लाक के कारण सहारनपुर-दिल्ली रेलमार्ग पर चलने वाली ट्रेनों का संचालन न होने से यात्री परेशान रहे।