महाराष्ट्र में सरकार गठन पर कांग्रेसियों ने मनाया जश्न
महाराष्ट्र में सरकार गठन पर कांग्रेसियों ने खुशी मनाई। आतिशबाजी के साथ एक-दूसरे को गुलाल लगाया और मिठाई बांटी।
शामली, जेएनएन। महाराष्ट्र में सरकार गठन पर कांग्रेसियों ने खुशी मनाई। आतिशबाजी के साथ एक-दूसरे को गुलाल लगाया और मिठाई बांटी। बलभद्र मंदिर के समीप पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा के कैंप कार्यालय पर कांग्रेसी एकत्र हुए। पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए ताकत का गलत इस्तेमाल किया। रातोंरात शपथ करा दी गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने फ्लोर टेस्ट का आदेश दिया तो इस्तीफा दे दिया गया। इससे भाजपा की नीति पूरी तरह स्पष्ट हो जाती है। महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी के समर्थन से शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने हैं और अब पूरा विश्वास है कि महाराष्ट्र का विकास भी होगा और किसानों के हित में काम किया जाएगा। कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से आज हर वर्ग त्रस्त है। कांग्रेस के कार्यकर्ता जनता तक पहुंचकर भाजपा सरकार की नीतियों की पोल खोलने का काम कर रहे हैं। 2022 में उत्तर प्रदेश में चुनाव होने हैं और इसके लिए कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। इस दौरान श्यामलाल शर्मा, बाबू खान, सुभाष हठवाल, योगेश, भारद्वाज, पुनीत शर्मा, रविद्र आर्य, महिपाल शर्मा, जितेंद्र शर्मा, अशोक जैन, प्रवीण पांचाल आदि मौजूद रहे।