दो युवकों को उठा ले गई हरियाणा पुलिस, मचा अपहरण का शोर
दो युवकों को गुरुवार दोपहर हरियाणा पुलिस उठा ले गई। इस मामले में उनके अपहरण का शोर मच गया। एक युवक के स्वजन ने कोतवाली पहुंच कर शिकायत की।
शामली, जेएनएन। दो युवकों को गुरुवार दोपहर हरियाणा पुलिस उठा ले गई। इस मामले में उनके अपहरण का शोर मच गया। एक युवक के स्वजन ने कोतवाली पहुंच कर शिकायत की। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवकों का अपहरण नहीं हुआ है। हरियाणा की करनाल पुलिस दोनों युवकों को ले गई है। करनाल में हुए तिहरे हत्याकांड में पुलिस को किसी आरोपित की तलाश थी।
नगर के कैराना रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर एक जन्म दिन पार्टी थी। पार्टी के बाद सभी युवक अपने वाहनों से जाने लगे। इस दौरान एक युवक सिलावर निवासी प्रियम बुलेट स्टार्ट कर रहा था। उसका एक साथी हरियाणा निवासी विक्की साथ में चलने के लिए खड़ा था। बताया गया कि तभी तीन गाड़ियों में हथियारबंद कई लोग वहां पहुंचे और उन्होंने विक्की के बारे में पूछा। इसके बाद विक्की व प्रियम को कार सवार लोग अपने साथ ले गए। साथ में मौजूद रहे सिलावर निवासी निशांत ने अपने स्वजन व डायल 112 टीम को यह जानकारी दी। निशांत, प्रियम व अन्य युवकों के स्वजन शामली कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि विक्की हरियाणा का रहने वाला है और सिलावर निवासी निशांत का दोस्त है। वह बुधवार को यहां पहुंचा था। गुरुवार को सभी युवक सिलावर निवासी हर्षित की जन्म दिन पार्टी में शामिल थे। स्वजन ने प्रियम के किसी भी अपराध में शामिल होने से इन्कार किया है। उन्होंने युवकों के अपहरण का आरोप लगाया है।
कोतवाली प्रभारी सत्य पाल सिंह ने मौके पर जाकर जानकारी ली। उन्होंने बताया कि युवकों का अपहरण नहीं हुआ है। हरियाणा की करनाल पुलिस दोनों युवकों को ले गई है। करनाल में हुए तिहरे हत्याकांड में पुलिस को किसी आरोपित की तलाश थी।