पूर्व राज्यमंत्री की लाइसेंसी रायफल बरामद, आरोपित दबोचा
संवाद सूत्र, कैराना : वर्ष 2010 में मुजफ्फरनगर में पूर्व राज्यमंत्री के साउथ सिविल लाइन स्थित घर
संवाद सूत्र, कैराना : वर्ष 2010 में मुजफ्फरनगर में पूर्व राज्यमंत्री के साउथ सिविल लाइन स्थित घर में चोरी की घटना का कैराना पुलिस ने राजफाश किया है। पुलिस ने वहां से चुराई गई लाइसेंसी रायफल बरामद कर एक आरोपित को दबोचा है। उसने अपने साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया।
कैराना कोतवाली पर आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2010 में जनपद मुजफ्फरनगर में पूर्व राज्यमंत्री उमा किरण के आवास से लाइसेंसी रायफल चुराई गई थी। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में अज्ञात चोरों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया था। गुरुवार की रात कैराना पुलिस ने कांधला रोड पर पुलिस चौकी के निकट वाहन चैकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति अंधेरे में दबे पांव जाता दिखाई दिया। शक होने पर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम इशहाक पुत्र इस्माईल निवासी गांव मलकपुर थाना कांधला बताया। बताया कि तीन सितम्बर वर्ष 2010 को उसने अपने साथी वसीम निवासी राजपुरगढ़ी जनपद मुजफ्फरनगर तथा सईद निवासी रेतावाला कैराना के साथ मिलकर पूर्व राज्यमंत्री उमाकिरण के आवास में चोरी की घटना को अंजाम देते समय इस राईफल को चुराया था, जिसे आज वसीम को सौंपने जा रहा था।
-
घटना को संदिग्ध मानती रही पुलिस
मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में यह घटना हुई थी। उस समय पूर्व राज्यमंत्री व परिजन घर पर नही थे। घटना के दौरान लाइसेंसी राइफल भी चोरी जाना बताया गया था। इसके बावजूद पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानती रही।