घर में घुसे दबंग, कब्जे का प्रयास, दीवार तोड़ी, वीडियो बनाया
नगर के मोहल्ला आर्यपुरी में एक दर्जन दबंग लोग एक घर में जा घुसे। परिवार के लोगों को आतंकित किया। घर की दीवार को तोड़ डाला। घर पर कब्जे का प्रयास किया। स्वजनों ने पुलिस को सूचना दी तब आरोपित फरार हो गए।
शामली, जागरण टीम। नगर के मोहल्ला आर्यपुरी में एक दर्जन दबंग लोग एक घर में जा घुसे। परिवार के लोगों को आतंकित किया। घर की दीवार को तोड़ डाला। घर पर कब्जे का प्रयास किया। स्वजनों ने पुलिस को सूचना दी तब आरोपित फरार हो गए। स्वजनों ने आरोपितों की वीडियो भी बनाई है। दो लोगों को पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार कर चालान कर दिया। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शामली कोतवाली के मोहल्ला आर्यपुरी में रहने वाले विकास शर्मा ने बताया कि रविवार शाम को लगभग एक दर्जन लोग उनके घर में घुस आए। घर में वह और उनके भाई का परिवार रहता है। इन लोगों ने उन्हें व उनके परिवार के लोगों को डराया धमकाया। आतंकित कर उनके घर की दीवार को तोड़ डाला। उन्होंने शोर मचाया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। किसी तरह उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित फरार हो गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि घर में घुसने वाले लोगों में वसीम निवासी बाबरी, बिलाल उर्फ बिल्लू निवासी नंदूप्रसाद शामली व सुरेंद्र निवासी काका नगर को पहचाना गया है। उनके साथ दस-बारह लोग भी थे। इस मामले में विकास शर्मा ने पुलिस को तहरीर दी है। स्वजनों ने आरोपितों की वीडियो भी बनाई है।
शामली कोतवाली पुलिस ने बताया कि बिलाल व सुरेंद्र को पकड़ा गया है। उनका चालान कर दिया है। अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मामला लेनदेन विवाद से जुड़ा होना प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है।