लोक अदालत में 7387 वादों का निस्तारण
शामली, जेएनएन। जनपद न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान 7387 वादों का निस्तारण किया गया। साथ ही छह करोड़ रुपये से अधिक की सेटलमेंट धनराशि भी वसूल की गई।
कैराना स्थित जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ जनपद न्यायाधीश ग्रीश कुमार वैश्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान समस्त न्यायिक अधिकारी, बैंक पदाधिकारी व बार संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत वादकारियों को करीब 350 मास्क व सैनिटाइजर भी निश्शुल्क वितरित किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय द्वारा 23 मामले, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पाक्सो) द्वारा दो मामले, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कैराना द्वारा 307 मामले, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा 581 मामले, सिविल जज सी.डि./एसीजेएम कैराना द्वारा 526 मामले, सिविल जज सी.डि./एसीजेएम शामली द्वारा 38 मामले, सिविल जज जू.डि./न्यायिक मजिस्ट्रेट शामली द्वारा 514 मामले व न्यायिक मजिस्ट्रेट शामली द्वारा 235 ममले निस्तारित किए गए, जिनमें कुल सेटलमेंट धनराशि 37 लाख 63261 रुपये वसूल किये गए। राजस्व न्यायालयों के द्वारा कुल 4744 मामलों का निस्तारण भी राष्ट्रीय लोक अदालत में किया गया, जिनमें कुल सेटलमेंट धनराशि पांच करोड़ 83 लाख 35039 रुपये वसूल किए गए। वहीं, जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में 40 सिविल वादों तथा 11 एनआइ एक्ट का निस्तारण किया गया। न्यायालय सिविल जज सी.डि./एसीजेएम कैराना के द्वारा 12 मूल वादों व 11 एनआइ एक्ट का भी निस्तारण किया गया, जिनमें छह मामले करीब पांच वर्षों से लंबित थे। इसके अलावा जनपद न्यायाधीश व प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय शामली के कुशल मार्गदर्शन में दो दंपतियों क्रमशः खालिद व नूरनिशा तथा रेशमा व नाजिम के बीच सुलह समझौता भी कराया गया। इस प्रकार जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शामली ग्रीश कुमार वैश्य के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न करते हुए कुल 7387 वादों का निस्तारण किया गया। जबकि, कुल सेटलमेंट धनराशि छह करोड़ 20 लाख 98300 रुपये वसूल की गई। राष्ट्रीय लोक अदालत में 549 ई-चालान का भी निस्तारण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शामली के प्रभारी सचिव विजय कुमार वर्मा द्वितीय ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।