चार दिनों में पुजारी सहित चार की मौत
कांधला क्षेत्र के गांव पंजोखरा में चार दिनों में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो चुकी है। जिसमें सोमवार को एक महिला सहित तीन मौत हुई। चार मौतों से गांव में शोक की लहर है।
शामली, जागरण टीम। कांधला थाना क्षेत्र के गांव पंजोखरा में चार दिनों में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो चुकी है। जिसमें सोमवार को एक महिला सहित तीन मौत हुई। चार मौतों से गांव में शोक की लहर है। अचानक हो रही मौतों से ग्रामीणों की समझ में भी कुछ नहीं आ रहा है।
गांव पंजोखरा निवासी लक्ष्मण सिंह गांव के शिव मंदिर में पुजारी थे। पुजारी की पिछले एक सप्ताह से तबीयत खराब चल रही थी। चार दिन पहले पुजारी की हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे शामली के एक निजी चिकित्सक के क्लीनिक में भर्ती कराया। उपचार के दौरान पुजारी ने दम तोड़ दिया। पुजारी की मौत से गांव में शौक की लहर दौड़ पड़ी। गमगीन माहौल में ग्रामीणों ने पुजारी के शव का दाह संस्कार कर दिया। ग्रामीण अभी इस सदमे से उभर भी नहीं पाए थे, रविवार शाम को एक महिला चहाती की अचानक मौत हो गई। मोहल्ले में दो लड़कियों की शादी थी। नाच गाना डीजे की धुन पर बाराती डांस कर रहे थे। गांव की महिलाएं व बच्चे आनंद ले रहे थे।
इस दौरान महिला चहाती भी डीजे देख रही थी। डीजे देखते समय अचानक महिला की हालत खराब हो गई। आसपास खडे़ लोगों ने महिला को संभाला। महिला के स्वजन तुरंत ही उसे लेकर शामली अस्पताल में पहुंचे। जांच कर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वजन महिला के शव को लेकर घर पहुंच गए। सोमवार की सुबह सूचना मिली कि कालेराम मास्टर की भी अचानक मौत हो गई है। ग्रामीणों ने दोनों शवों का दाह संस्कार किया ही था कि पता चला इंद्रपाल कश्यप की भी मौत हो गई है।
एक के बाद हो रही मौतों से ग्रामीण सहम गए। उसके बाद इंद्रपाल के शव का दाह संस्कार किया गया। सोमवार को एक महिला सहित तीनों लोगों की मौत से ग्रामीणों की समझ में कुछ नहीं आ रहा है। चार दिनों में चार लोगों की मौत से ग्रामीण सदमे में है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। बस पूरे गांव में चर्चा है कि आखिर हो क्या रहा है। बस लोग मृतकों के स्वजन को सांत्वना देने में लगे हुए है। उधर, सीएचसी कांधला के चिकित्सा अधीक्षक डा. रामवीर का कहना है कि गांव में टीम को भेजा जाएगा। इसके बाद ही मौत के बारे में कुछ पता चलेगा।