नपा कर्मचारियों ने सफाई कर चमकाई कॉलोनी
कैराना नगर की टीचर्स कॉलोनी में दैनिक जागरण का विशेष सफाई अभियान चला। पालिका के सफाई कर्मचारियों ने कई घंटों तक कॉलोनी में साफ-सफाई की।
शामली, जेएनएन। कैराना नगर की टीचर्स कॉलोनी में दैनिक जागरण का विशेष सफाई अभियान चला। पालिका के सफाई कर्मचारियों ने कई घंटों तक कॉलोनी में साफ-सफाई की। उसके बाद सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया। कई घंटों तक चली सफाई के बाद टीचर्स कॉलोनी चमक उठी। कॉलोनी वासियों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने अभियान की सराहना की।
गुरुवार की सुबह दैनिक जागरण के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नपा अध्यक्ष हाजी अनवर हसन ने नगरपालिका की टीम को निर्देशित कर टीचर्स कॉलोनी में भेजा। यहां पर सफाई कर्मचारियों द्वारा कॉलोनी में कई घंटे तक जबरदस्त सफाई अभियान शुरू किया। बड़ी व छोटी गलियों में सफाई करके कूड़ा ट्रॉली में रखकर डंपिग ग्राउंड के लिए भिजवाया गया। नाली- नालों की भी सफाई कराई गई। साफ-सफाई होने से टीचर्स कॉलोनी की सड़कें व गलियां चमक उठी। वही कॉलोनी में जागरण के अभियान के तहत सैनिटाइजर का छिड़काव भी कराया गया। गली, मकान, बाइक व कारों को सैनिटाइज किया गया। अभियान के तहत साफ-सफाई को देखकर कॉलोनीवासियों ने दैनिक जागरण की प्रशंसा की। इस दौरान साफ-सफाई का जायजा लेने के लिये मौके पर पहुंचे नगरपालिका ईओ हेमराज सिंह पुंडीर ने सफाई कर्मचारियों से कॉलोनी में विशेष साफ-सफाई करने व कूड़े को डंपिग ग्राउंड पर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नगर के मोहल्ला, कॉलोनी, व गलियों मे लगातार सैनिटाइज का छिड़काव करने के निर्देश भी दिए। अभियान के दौरान सफाई लिपिक तासिम अली, सफाई नायक सुभाष चंद, सफाईकर्मी राजू आदि शामिल रहे। अभियान के दौरान टीचर्स कालोनी निवासी संजय राजवंशी, सभासद शगुन मित्तल, अभिषेक गर्ग व व्यापार मण्डल अध्यक्ष विपुल जैन आदि शामिल रहे।