नहाते समय नहर में डूबे दो भाई, मौत
शामली, जागरण टीम। पूर्वी यमुना नहर में नहाने समय दो चचेरे भाई में डूब गए। काफी देर बाद पुलिस ने दोनों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और उपचार के लिए शामली ले गए। चिकत्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों किशोर की मौत से स्वजन में कोहराम मचा गया।
कस्बे की एकता कालोनी निवासी दो सगे भाई सागर और साबिर पुत्र अय्यूब अपने चचेरे भाई बिलाल पुत्र मंगता और पड़ोसी फरजान पुत्र गय्यूर के साथ शुक्रवार दोपहर को झाल के निकट नहर पर नहाने गए थे। 13 वर्षीय सागर और 16 वर्षीय बिलाल नहर में नहाने लगे जबकि फरजान और साबिर बाहर खड़े होकर दोनों को देख रहे थे। नहाते समय दोनों किशोर खेलने लगे और पानी में एक दूसरे का पीछा करने लगे। बाहर खड़े दोनों किशोर ने ऐसा नहीं करने को कहा लेकिन खेल रहे दोनों ने अनसुना कर दिया। कुछ ही देर बाद दोनों पुल के पास कुंड में डूब गए। दोनों को डूबते देख बाहर खड़े किशोरों ने शोर मचा दिया। साबिर दोनों को डूबता देख नहर किनारे उनके पीछे चल दिया और फरजान सूचना देने के लिए घर की ओर दौड़ पड़ा। फरजान ने घर आकर मामले की जानकारी स्वजन को दी। दोनों के स्वजन में कोहराम मच गया और लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान सिपाही राजदीप और यशबीर नहर में कूद गए। मानव श्रंखला बनाकर रस्सी से दोनों की तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद बिलाल को बेहोशी की हालत में पानी से बहार निकाला गया। उसे शामली निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद ही सागर को भी ढूंढ लिया गया। स्वजन उसे भी शामली ले गए, लेकिन चिकित्सक ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।स्वजन ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के दोनों के शव को सिपुर्द-ए-खाक कर दिया।