ब्याज नहीं, व्यापार के बकाया हैं साढ़े सोलह लाख
केला व्यापारी अशोक बजाज ने कहा कि पंजाबी कालोनी निवासी संजय बजाज व उनके परिचित पर व्यापार के साढ़े सोलह लाख रुपये बकाया है। किसी को भी ब्याज पर पैसा नहीं दिया गया था। पैसा वापस मांगने पर उन्हें षड्यंत्र के तहत बदनाम किया जा रहा है।
शामली, जागरण टीम। केला व्यापारी अशोक बजाज ने कहा कि पंजाबी कालोनी निवासी संजय बजाज व उनके परिचित पर व्यापार के साढ़े सोलह लाख रुपये बकाया है। किसी को भी ब्याज पर पैसा नहीं दिया गया था। पैसा वापस मांगने पर उन्हें षड्यंत्र के तहत बदनाम किया जा रहा है।
संजय बजाज ने दो दिन पहले सीओ कार्यालय परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया था। उन्होंने केला व्यापारी अशोक बजाज व सीओ सिटी पर विभिन्न आरोप लगाए थे। यह मामला गर्माया हुआ है। रविवार दोपहर अशोक बजाज व उनकी पत्नी महक बजाज ने रेस्टोरेंट में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि सब्जी व्यापारी संजय बजाज के साथ कई साल से उनका व्यापारिक संबंध है। पिछले एक साल से संजय पर 15 लाख व उनके परिचित राजू पर डेढ़ लाख रुपये बकाया है। पैसे मांगने पर उन्हें धमकी दी गई। उन्होंने एक माह पहले शामली कोतवाली व बाद में सीओ कार्यालय में शिकायत की। किसी ने उनकी मदद नहीं की। तब उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। इस मामले में सीओ ने 13 अक्टूबर को जांच पूरी कर उन्हें कोर्ट से कार्रवाई कराने को कहा था। इस पर उन्होंने असंतुष्टि जताई थी। तब सीओ ने शुक्रवार को उन्हें, संजय व राजू को बुलाया था। सीओ के कहने पर वह बयान दर्ज कराने गए थे, इसी बीच संजय ने अपने साथ लाया जहरीला पदार्थ खा लिया था। अशोक ने कहा कि उनके व्यापार से संबंधित पैसा बकाया है। उन्होंने ब्याज पर रकम नहीं दी थी। षड्यंत्र कर उन्हें बदनाम किया जा रहा है। उनका पैसा दिलाया जाए। पंकज ऐरन