राशन की 500 किट और 25 हजार मास्क का होगा वितरण
नगर पालिका की ओर से जरूरतमंदों को राशन की 500 किट और 25 हजार मास्क का वितरण किया जाएगा।
शामली, जेएनएन। नगर पालिका की ओर से जरूरतमंदों को राशन की 500 किट और 25 हजार मास्क का वितरण किया जाएगा। सभासदों के माध्यमों से इनका वितरण होगा। शनिवार को विधायक शामली और नगर पालिका अध्यक्षा ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर पालिका ने आटा, दाल, चीनी, साबुन आदि की 500 किट तैयार की हैं। इसमें एक सप्ताह का राशन है। अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र यादव ने विधायक तेजेंद्र निर्वाल और नगर पालिका अध्यक्षा अंजना बंसल को बताया कि सभासदों व अन्य के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को चिन्हित किया जाएगा और इनका वितरण होगा। शामली में 25 वार्ड हैं और इनमें कु़ल 25 हजार मास्क भी दिए जाएंगे, क्योंकि अब सरकार ने बाहर निकलने पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। विधायक ने कहा सफाई व्यवस्था को बेहतर रखा जाए और सैनिटाइज कराने का कार्य भी चलता रहे। इस दौरान पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, भाजपा नेता अमित विश्वकर्मा, नपा के लिपिक अनिल शर्मा, राकेश कांबोज, लक्ष्मण सिंह, कंवरपाल, अरविद कुमार, गजेंद्र, सुनील बंसल, साजिद अहमद, वसीम मलिक, अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।
शामली के सीमित कार्डधारकों को मिलेंगे मास्क
शामली, जेएनएन। जिले में मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। डीएम जसजीत कौर ने भी निर्देश जारी कर इसका उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। वहीं, दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कोरोना वायरस से बचाव के लिए स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए खादी के कपड़ों के मास्क का सरकारी राशन विक्रेताओं को वितरण होगा। जिन्हें कोटेदार सीमित कार्ड धारकों को वितरित करेंगे। डीएम ने कहा कि जनपद में खादी के मास्क बनाए जाने का लक्ष्य 30000 है। जिसके सापेक्ष अब तक तैयार किए गए मास्क की संख्या 11,500 है। हालांकि दावा है कि एक लाख मास्क बनाने का काम किया जाएगा।
शनिवार को डीएम जसजीत कौर कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी ओमहरी उपाध्याय को निर्देशित किया कि खाद्यान्न वितरण होने से पहले प्रत्येक राशन की दुकान पर मास्क समय से पहुंच जाएं। जिलाधिकारी ने विकासखंड वार समूहों द्वारा तैयार किए गए खादी के मास्क की क्वालिटी चेक की। उपायुक्त स्वत: रोजगार शैलेन व्यास ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की ब्लॉकवार संख्या 4137 तथा सदस्यों की संख्या 49644 है। जनपद को प्राप्त खादी के मास्क बनाए जाने का लक्ष्य 30000 है। जिसके सापेक्ष अब तक तैयार किए गए मास्को की संख्या 11,500 है। जबकि वितरित किए गए मास्को की संख्या 148932 है। उन्होंने बताया कि समूह द्वारा एक लाख मास्क और तैयार किए जाएंगे ।