आग से 50 बीघा गेहूं की फसल जली
चौसाना में एक किसान की गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक 50 बीघे गेंहू की फसल जलकर राख हो गई।
जेएनएन, शामली। चौसाना में एक किसान की गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 50 बीघे गेंहू की फसल जलकर राख हो गई।
चौसाना क्षेत्र में गेहूं के खेतों में आग लगने का सिलसिला जारी है। शनिवार शाम को चौसाना निवासी नत्थुराम के गेहू के खेत में आग लग गई, तेज हवा के कारण आग ने भयंकर रूप ले लिया। सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग को ट्रैक्टर और झाड़ियों आदि की सहायता से बुझाने में जुट गए। भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से नत्थुराम के लगभग 50 बीघा तैयार गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। खेत को बटाई पर बो रहे सिकंदर ने लाखों का नुकसान बताया है और सरकार से मुआवजे की मांग की है।
दोहरे हत्याकांड में फरार आरोपित गिरफ्तार
थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में हुई दो महिलाओं की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस एक अन्य आरोपित को तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में 30 मार्च को सहेंद्र और सतपाल पक्ष में विवाद हो गया था। सतपाल पक्ष ने सहेंद्र पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया था। गोली लगने से सहेंद्र पक्ष की महिला गजना की मौके पर, जबकि दूसरी घायल महिला ललतेश की उपचार के दौरान मेरठ अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की और से मुकदमा दर्ज कर महिला ऊषा, बबीता व यशपाल, प्रमोद, रविद्र, सुधीर, सतपाल, संजीव, सूरज व कर्ण को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना के बाद से रोमियो व जितेंद्र फरार चल रहे थे। शनिवार को पुलिस ने फरार अभियुक्त रोमियो को क्षेत्र के गांव गढ़ी श्याम के मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। उसका चालान कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी ने बताया कि शीघ्र ही फरार दूसरे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।