यमुना में छोड़ा 4.34 लाख क्यूसेक पानी
रविवार के मुकाबले पानी सोमवार को यमुना में डेढ़ मीटर से ज्यादा बढ़ गया है और हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जा रहे पानी को देखते हुए जलस्तर और बढ़ेगा। वहीं, मौसम विभाग ने 24 घंटे का अलर्ट फिर जारी किया है।
जागरण संवाददाता, शामली : यमुना में पानी बढ़ गया है। तटवर्ती गांवों के लोगों में ¨चता भी बढ़ गई है। देश की राजधानी दिल्ली के लिए भी दिक्कतें खड़ी होने की आशंका है। रविवार के मुकाबले पानी डेढ़ मीटर से ज्यादा बढ़ गया है और हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जा रहे पानी को देखते हुए जलस्तर और बढ़ेगा। वहीं, मौसम विभाग ने 24 घंटे का अलर्ट फिर जारी किया है। ऐसे में प्रशासन ने भी बाढ़ सुरक्षा से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने के लिए कहा है।
यमुना काफी दिनों से सामान्य थी। पहाड़ों में बारिश से जब गंगा उफनी थी, तब भी यमुना पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा था। खैर, इसके बाद दो सप्ताह पहले 229.90 मीटर पर यमुना पहुंची थी, लेकिन अब लगातार पानी कम हो रहा था। रविवार को जलस्तर 228.15 मीटर था और पहाड़ों के साथ स्थानीय बारिश के चलते जलस्तर बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन इतनी तेजी से पानी बढ़ेगा, इसका अंदाजा शायद ही किसी को था। सोमवार को जलस्तर 229.70 मीटर से पार पहुंच गया। सोमवार को सुबह आठ से शाम चार बजे तक 4.34 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पानी छोड़ने की मात्रा लगातार बढ़ती जा रही है, जो ¨चता की बात है। ड्रेनेज विभाग के एई अशोक कुमार ने बताया कि शाम चार बजे सर्वाधिक 52 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। प्रशासन और कंट्रोल रूम को लगातार सूचना दी जा रही है। बता दें कि खतरे का निशान 231 मीटर पर है और इस सीजन में 30 जुलाई को यमुना खतरे के निशान से पार पहुंची थी।
सोमवार को छोड़ा गया पानी
शाम चार बजे, 52900 क्यूसेक
दोपहर तीन बजे, 50819 क्यूसेक
दोपहर दो बजे, 50819 क्यूसेक
दोपहर एक बजे, 50819 क्यूसेक
दोपहर 12 बजे, 48189 क्यूसेक
सुबह 11 बजे, 48189 क्यूसेक
सुबह दस बजे, 48189 क्यूसेक
सुबह नौ बजे, 37970 क्यूसेक
सुबह आठ बजे, 46132 क्यूसेक
कुल, 434026 क्यूसेक
---------
एक सप्ताह में यमुना का जलस्तर
24 सितंबर, 229.70 मीटर
23 सितंबर, 228.15 मीटर
22 सितंबर, 228.20 मीटर
21 सितंबर, 228.25 मीटर
20 सितंबर, 228.30 मीटर
19 सितंबर, 228.40 मीटर
18 सितंबर, 228.55 मीटर