1600 कामगारों को भेजा गृह जनपद
प्रशासन ने दूसरे राज्यों से आए करीब 1600 कामगारों को यूपी रोडवेज की बसों से गृह जनपद रवाना कर दिया है। हरियाणा पंजाब व राजस्थान से प्रवासी कामगारों के आने का सिलसिला जारी है।
शामली, जेएनएन। कैराना क्षेत्र से प्रशासन ने दूसरे राज्यों से आए करीब 1600 कामगारों को यूपी रोडवेज की बसों से गृह जनपद रवाना कर दिया है। हरियाणा, पंजाब व राजस्थान से प्रवासी कामगारों के आने का सिलसिला जारी है।
एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को हरियाणा रोडवेज की 40 बसों में कामगार पहुंचे हैं। कामगारों को राधा स्वामी सत्संग व्यास में बनाए शेल्टर होम में लाकर भोजन कराया गया। स्क्रीनिग और काउंटिग के बाद यूपी रोडवेज की 45 बसों से करीब 1600 कामगारों को उनके गृह जनपदों के लिए रवाना कर दिया गया है। एसडीएम ने बताया कि पिछले दो दिनों में करीब तीन हजार कामगार गृह जनपद भेजे जा चुके हैं। शेष जो बचे हैं, उन्हें भी भेजने की व्यवस्था कराई जा रही है।
उधर लॉकडाउन के चलते हरियाणा, राजस्थान व पंजाब में फंसे प्रवासी कामगारों का आवागमन तेजी के साथ बढ़ रहा है। कैराना शामली रोड पर स्थित राधा स्वामी संत्सग भवन में प्रवासी कामगारों के लिये बनाया गया शेल्टर होम पर कामगारों की मदद की जा रही है। प्रशासन के निर्देश पर शेल्टर होम पर प्रवासी कामगारों के लिये खाना, स्नान करना, पंखे व दवाइयों का विशेष प्रबंधक किया गया है। उसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश रोडवेज बस द्वारा उनके गृह जनपद तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, एसडीएम देवेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी ओर समाज के लोगों की मेहनत व सहयोग से अच्छी व्यवस्था हो पाई है। उन्होंने बताया कि राधा स्वामी आश्रम के सेवक भी बहुत सेवा कर रहे है। जिसका परिणाम सबके सामने है।