बरात में गोली चलने से छज्जे पे खड़ी महिला की मौत
निकरौसी के बाद बरात निकलते समय फायरिग के दौरान महिला की गोली लगने से मौत हो गई।
जेएनएन, शाहजहांपुर : निकरौसी के बाद बरात निकलते समय फायरिग के दौरान महिला की गोली लगने से मौत हो गई। घटना से अफरा तफरी मच गई। फायरिग कर रहे लोग वहां से भाग निकले। डॉग स्कवॉड व फॉरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंच गई है।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के मुहल्ला तारीन टिकली में दिनेश के बेटे अभिषेक उर्फ शानू की रविवार को बरात थी। देर शाम निकरौसी की रस्म के बाद बरात निकल रही थी। तभी किसी ने फायरिग शुरू कर दी। गली के सामने छज्जे पर खड़े होकर बरात देख रहीं सूरज की पत्नी 25 वर्षीय रेखा के सीने में एक गोली आकर लग गई। पास में ही खड़ी उनकी सास बाल-बाल बच गईं। जब तक रेखा को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था होती उनकी मौत हो गई। इस घटना से वहां पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। बरात लेकर निकल रहे लोगों को इसकी जानकारी नहीं हुई। फायरिग करने वाले मौका पाकर भाग निकले। सूचना पर पुलिस डॉग स्कवॉड व फारेंसिक टीम के साथ पहुंची। मौके पर फायरिग करने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि रेखा की शादी को दो वर्ष हुए थे। उनका आठ माह का बच्चा है।