18,973 प्रत्याशियों में किसके सिर सजेगा ताज, किस्मत का फैसला आज
जेएनएन शाहजहांपुर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मैदान में उतरे 18973 प्रत्याशियों की किस्
जेएनएन, शाहजहांपुर : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मैदान में उतरे 18,973 प्रत्याशियों की किस्मत के फैसले की घड़ी आ गई है। रविवार सुबह आठ बजे मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। करीब 48 घंटे के भीतर ग्राम प्रधान, बीडीसी व जिला पंचायत सदस्य के सभी पदों के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। प्रशासन ने कोविड प्रोटोकाल के तहत मतगणना की व्यवस्था की है। इसके लिए प्रत्येक न्याय पंचायत में चार मतगणना पार्टी के साथ दो टेबल आवंटित की गई हैं। रविवार दोपहर बाद से नतीजे आना शुरू हो जाएंगे। सोमवार तक सभी 3052 बूथों की गिनती पूरी हो जाएगी। चार से सात चक्र में पूरी होगी गिनती
प्रशासन ने 15 विकास खंड की 124 न्याय पंचायतों की गिनती के लिए दो टेबल की व्यवस्था की है। अर्थात प्रत्येक न्याय पंचायत में दो ग्राम पंचायतों के एक साथ वोट खुलेंगे। दो पार्टियों के आठ कार्मिक एक ग्राम पंचायत की गणना करेंगे। इस तरह जिस न्याय पंचायत में आठ ग्राम पंचायत तक हैं वहां चार चक्रों में गणना पूरी हो जाएगी। 12 व 13 ग्राम पंचायत वाली न्याय पंचायत की गिनती सात चक्र में पूरी हो पाएंगी।
फैक्ट फाइल
- 47 जिला पंचायत वार्डों के 781 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला
- 1062 ग्राम पंचायत के लिए 7665 प्रत्याशी लड़े चुनाव
- 1146 क्षेत्र पंचायत वार्ड के लिए 5260 प्रत्याशी मैदान में
- 5267 प्रत्याशियों ने लड़ा ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव
- 18.47 लाख पंचायत चुनाव में थे कुल मतदाता
- 75.01 फीसद मतदाताओं ने किया मतदान
- 01 ग्राम पंचायत में निर्विरोध चुनाव
- 06 ग्राम पंचायतों में नौ मई को होगा मतदान
- 23 क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए
- 8 बजे शुरू होगी मतों की गिनती
- 48 घंटे तक लग सकते मतों की गणना में
- 6670 कार्मिक लगाए गए मतगणना में
- 2000 मतगणना कार्मिकों को रिजर्व में लगायी ड्यूटी कोविड प्रोटोकाल के तहत मतगणना की तैयारियां कर ली गई हैं। संक्रमण रोकने के लिए प्रत्येक न्याय पंचायत में चक्रवार दो ग्राम पंचायतों की गिनती कराई जाएगी। मतगणना में विजयी प्रत्याशियों के विजय जुलूस व प्रदर्शन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। जो गड़बड़ी का प्रयास करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
इंद्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी