सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के पिता ने पीया जहरीला पदार्थ
नाबालिग बेटी से सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट छेड़छाड़ में दर्ज करने व दो आरोपितों के नाम रिपोर्ट में शामिल न करने से आहत पिता ने सोमवार देर रात जहरीला पदार्थ पी लिया। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। अब उनकी हालत सामान्य है। वहीं एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया। हालांकि सीओ अधिक शराब पीने से पीड़िता के पिता की तबीयत बिगड़ने की वजह बता रहे हैं।
जेएनएन, तिलहर, शाहजहांपुर : नाबालिग बेटी से सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट छेड़छाड़ में दर्ज करने व दो आरोपितों के नाम रिपोर्ट में शामिल न करने से आहत पिता ने सोमवार देर रात जहरीला पदार्थ पी लिया। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। अब उनकी हालत सामान्य है। वहीं, एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया। हालांकि सीओ अधिक शराब पीने से पीड़िता के पिता की तबीयत बिगड़ने की वजह बता रहे हैं।
क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी चार दिन पूर्व घर से खेत पर जाने के लिए दोपहर निकली थी। इसी बीच गांव के ही तीन लोग उसे जबरन अपने साथ एक खाली प्लाट पर ले गए। जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उनके चंगुल से छूटी किशोरी ने घर जाकर पिता को पूरी बात बतायी। आरोप है कि तहरीर देने के बाद पुलिस दो दिन तक टरकाती रही। अधिक दवाब बनाया तो तहरीर बदलवाकर सिर्फ एक आरोपित मुहल्ला निजामगंज निवासी राजीव उर्फ बाबा के खिलाफ छेड़छाड़ व पाक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया, जबकि दो मुख्य आरोपितों के नाम नाम निकाल दिए, जिसके बाद से आरोपित धमका रहे थे, जिसके बाद पीड़िता के पिता ने जान देने की कोशिश की। सीओ परमानंद पांडे व कोतवाल प्रवीण सोलंकी ने उन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपित राजीव को नगर के बाईपास चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
वर्जन
पुलिस ने किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं बरती है। किशोरी के साथ छेड़छाड़ हुई थी। उसकी मां ने जो तहरीर दी थी। उसके आधार पर ही रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। आरोपित युवक को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। अब अनावश्यक रूप से किशोरी के स्वजन पुलिस पर दबाव बनाकर अन्य लोगों को फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। डॉक्टर के मुताबिक अत्यधिक मात्रा में शराब पीने पर किशोरी के पिता की हालत खराब हो गई थी। अब वह सामान्य है।
परमानन्द पांडेय, सीओ तिलहर