आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर फिर धरने पर बैठी दुष्कर्म पीड़िता
पहले तो पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज नहीं किया। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट लिखी तो आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की। इससे परेशान पीड़िता बुधवार को कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गई। जानकारी मिलने पर सीओ मौके पर पहुंचे और गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तब धरना खत्म हुआ।
जेएनएन, शाहजहांपुर: पहले तो पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज नहीं किया। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट लिखी तो आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की। इससे परेशान पीड़िता बुधवार को कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गई। जानकारी मिलने पर सीओ मौके पर पहुंचे और गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तब धरना खत्म हुआ।
कांट क्षेत्र में रहने वाली महिला ने 10 अक्टूबर को कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें कहा कि 16 अगस्त को गांव में हुए समारोह से लौट रही थी, तभी रामकुमार, धर्म सिंह, भगवान सिंह, अरनू व रामनिवास उसे एक मकान में खींच ले गए। वहां तीन लोगों ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं, इसलिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। पीड़ित का कहना है कि कांट पुलिस आरोपित पक्ष का साथ दे रही है। जिस वजह से 20 हजार रुपये में समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है।
29 अक्टूबर को भी दो दिन का दिया था आश्वासन
दुष्कर्म पीड़िता 29 अक्टूबर को भी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ चुकी है। तब सीओ सदर ने दो दिन में आरोपितों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। लेकिन 20 दिन बीतने के बाद भी कांट पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही।
इससे पहले दो माह तक मुकदमा दर्ज न होने पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भी फेसबुक पेज के माध्यम से कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।
-------
आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। जांच में जो सच्चाई सामने आएगी, उसी अनुसार कार्रवाई होगी।
-महेंद्र सिंह, सीओ सदर