आन-बान-शान से लहराया तिरंगा
जिले में 72 वां गणतंत्र दिवस मंगलवार को हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। सभी सरकारी अर्द्धसरकारी कार्यालयों व शिक्षण संस्थानों में झंडा फहराया गया। कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पुलिस लाइंस में झंडा फहराने के बाद परेड की सलामी ली।
जेएनएन, शाहजहांपुर : जिले में 72 वां गणतंत्र दिवस मंगलवार को हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी कार्यालयों व शिक्षण संस्थानों में झंडा फहराया गया। कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पुलिस लाइंस में झंडा फहराने के बाद परेड की सलामी ली। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मंत्री ने सम्मानित किया। वहीं, डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कलक्टेट, एसपी एस आनंद ने अपने आवास व एएसपी सिटी संजय कुमार ने पुलिस कार्यालय में झंडा फहराया।
पुलिस लाइंस में कैबिनेट मंत्री ने यातायात नियमों का पालन करने व स्वच्छता की शपथ दिलाई। कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए भी सभी को प्रेरित किया। इस मौके पर जिला जज रामबाबू शर्मा, डीआइजी शलभ माथुर, दर्जा राज्यमंत्री सुरेंद्र नाथ बाल्मीकि, एएसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी, सीओ सदर महेंद्र सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
रिस्पांस टाइम बेहतर होने पर मिला सम्मान
डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों को बेहतर रिस्पांस टाइम के लिए सम्मानित किया, जिसमें मुख्य आरक्षी कमलेश कुमार, रणधीर सिंह, मनोज कुमार, शिवपाल समेत 18 पुलिसकर्मी शामिल रहे। कटरा में सपाइयों की ट्रैक्टर रैली के कारण सीओ परमानंद पांडेय पदक लेने पुलिस लाइन नहीं पहुंच सके।
--------
- परेड में शामिल एक जवान यातायात नियमों की शपथ लेने के बाद बेहोश हो गया। साथी जवान उसे मैदान के बाहर ले गए।
- परेड में शामिल आठ टोलियों को तीन-तीन राउंड हवा में फायर करने थे, लेकिन फायर एक साथ होने के बजाय आगे-पीछे होते रहे।
- कोरोना के कारण महज चार शिक्षण संस्थाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
- एसपी ने एएसपी सिटी को संचालन करने के लिए कहा, लेकिन उसके बाद भी कमियां रहने पर नाराजगी जताई।
- कैबिनेट मंत्री के संबोधन करते ही माइक खराब हो गया। इसके बाद संचालक का माइक उन्हें दिया।
- सत्यम शिवम सुंदरम गीत पर प्रस्तुति देने वाली पांच साल की बच्ची को एसपी ने आशीर्वाद दिया। गोद में अतिथियों के पांडाल तक लेकर गए।