भाजपा को मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी कांग्रेस : जितिन प्रसाद
भाजपा की केंद्र सरकार ने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में कुछ नहीं किया। अब लोकसभा चुनाव निकट हैं तो पार्टी लोगों की भावनाएं भड़काकर माहौल बिगाडऩे की कोशिश करेगी।
शाहजहांपुर (जेएनएन)। कांग्रेस की केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य जितिन प्रसाद ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में कुछ नहीं किया। अब लोकसभा चुनाव निकट हैं तो पार्टी लोगों की भावनाएं भड़काकर माहौल बिगाडऩे की कोशिश करेगी। ताकि लोगों का ध्यान मुद्दों से भटके, लेकिन कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी। पार्टी इनकी करतूतों का पर्दाफाश करेगी। सरकार से उसके कामों का हिसाब मांगेगी।
जुमलेबाजी में माहिर प्रधानमंत्री
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि बड़े-बड़े दावे करने वाले प्रधानमंत्री व उनकी सरकार ने लोगों को सिर्फ ठगने का काम किया। जुमलेबाजी में माहिर प्रधानमंत्री ने एक नया काम किया हो तो बताएं। उन्होंने सिर्फ जनता के रुपयों की बर्बादी की है। जिले की किसान रैली इसका ताजा उदाहरण है। जनता सब समझ रही है, यही कारण है कि सभी जगह उपचुनावों में भाजपा को करारी हार मिली।
कांग्रेस ही जनता को विकल्प देगी
कर्नाटक में जनादेश भाजपा के खिलाफ गया। राजस्थान, मध्य प्रदेश में भी यही होने जा रहा है। इस सबसे घबरायी भाजपा कोई भी हथकंडा अपना सकती है पर वह यह भूल रही है कि आम जनता के साथ कांग्रेस है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी युवाओं को आगे ला रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी बदले रूप में नजर आएगी। जनता के बीच जाकर जनसंवाद करेगी। कांग्रेस ही जनता को नये विकल्प देगी।