पूर्व एमएलसी सहित सात नेता भाजपा से निष्कासित
भारतीय जनता पार्टी ने देर शाम बड़ी कार्रवाई की। पंचायत चुनाव में घोषित प्रत्याशियों की मदद करने की बजाय उनके विरुद्ध कार्य करने के आरोप में सात नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद का नाम भी शामिल है।
जेएनएन, शाहजहांपुर : भारतीय जनता पार्टी ने देर शाम बड़ी कार्रवाई की। पंचायत चुनाव में घोषित प्रत्याशियों की मदद करने की बजाय उनके विरुद्ध कार्य करने के आरोप में सात नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद का नाम भी शामिल है।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा ने बताया कि पार्टी ने जिला पंचायत चुनाव में अधिकृत प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन ये नेता इन प्रत्याशियों के विरुद्ध कार्य कर रहे थे। पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण प्रदेश नेतृत्व ने इन्हें निष्कासित करने का आदेश दिया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद के अलावा पूर्व जिला पंचायत सदस्य अभिषेक सिंह, जिला कार्य समिति सदस्य मुन्ना सिंह नवादा, पिछड़ा मोर्चा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष रामकुमार वर्मा, अल्हागंज मंडल अध्यक्ष चंदन वर्मा, कलान से जिला कार्य समिति सदस्य हरनारायण गुप्ता व पुवायां से पूर्व ब्लाक प्रमुख राकेश यादव को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त अन्य लोगों को भी चिह्नित करके कार्रवाई होगी।
भाजपा प्रत्याशी पर हमले में दूसरे उम्मीदवार समेत 11 पर रिपोर्ट
संवाद सूत्र, मिर्जापुर : वोट मांगने को लेकर हुए विवाद में घायल भाजपा प्रत्याशी ने दूसरे उम्मीदवार समेत 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इनमें पांच नामजद हैं। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा ने भी मामले का संज्ञान लिया।
गांव हरसीपुर निवासी रविशपाल कुशवाहा मिर्जापुर प्रथम वार्ड से भाजपा के जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी हैं। शनिवार दोपहर वह समर्थकों के साथ गांव भुर्जिया में प्रचार के लिए गए थे। वहां जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी भौती गांव निवासी देवेंद्र यादव से उनका विवाद हो गया था। रविशपाल के भाई हरीशपाल ने देर रात तहरीर दी। आरोप है कि देवेंद्र स्वयं को भाजपा का समर्थित प्रत्याशी बताते हुए क्षेत्र में वोट मांग रहे थे, लेकिन टिकट उनके भाई रविशपाल को मिला है। शनिवार को देवेंद्र यादव, उनके साथी जाहर सिह, अनंगपाल सिंह, शैतान सिंह, लल्ला सिंह व छह अन्य लोगों ने राड से उनके भाई पर हमला कर दिया। समर्थकों के बीच-बचाव करने पर अवैध असलहों से फायरिग की। उसके बाद आरोपित फरार हो गए।
रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मान बहादुर सिंह, एसओ मिर्जापुर
राजनीतिक द्वेष के कारण मेरा नाम घसीटा जा रहा है। हम दो माह पहले भुर्जिया गांव गए थे। रविशपाल से मेरा कोई बैर नहीं है।
आरोपित, जिपं सदस्य प्रत्याशी
रविशपाल पार्टी के घोषित प्रत्याशी हैं। पुलिस जाचं कर रही है। देवेंद्र यादव पार्टी में नहीं हैं। किसी प्रत्याशी या कार्यकर्ता के साथ ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हरिप्रकाश वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा