शाहजहांपुर में धूमधाम से मनाई गई अमर बलिदानी पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की 125वीं जयंती
शनिवार सुबह आठ बजे सामाजिक संस्था संकल्प की ओर से खिरनी बाग स्थित बिस्मिल पार्क में हवन पूजन किया गया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना डीएम एसपी समेत तमाम लोगों ने शहीद पार्क स्थित प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण नमन किया।
शाहजहांपुर, जागरण संवाददाता। काकोरी एक्शन प्लान के महानायक बलिदानी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की 125वीं जयंती पर जनपद राष्ट्रभक्ति में डूब गया। प्रशासन की ओर से उनके पैतृक घर, आर्यसमाज मंदिर, शहीद संग्रहालय, शहीद उद्यान व प्रतिमा स्थल को भव्य रूप से सजाया गया।
शनिवार सुबह आठ बजे सामाजिक संस्था संकल्प की ओर से खिरनी बाग स्थित बिस्मिल पार्क में हवन पूजन किया गया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, डीएम, एसपी समेत तमाम लोगों ने शहीद पार्क स्थित प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण नमन किया। इससे पूर्व आर्य समाज से बलवीर शास्त्री, नरेंद्र कुमार आर्य, राम शंकर शास्त्री ने राष्ट्रउत्थान की कामना के साथ हवन कराया।
खिरनीबाग स्थित बिस्मिल उद्यान में नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा व एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने अमर बलिदानी पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह व राजेंद्र लाहिड़ी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर तथा बिस्मिल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान डा. अवधेध मणि त्रिपाठी, राजीव शुक्ला, रजनी गुप्ता, रेनू सक्सेना, कवि डा. इंदु अजनबी, अध्यक्ष हिमांशु पाराशरी, महासचिव विजय तुली, क्षेत्रीय आयुर्वेद व यूनानी अधिकारी डा. राजीव कुमार, डा अवनीश मिश्र, डा. सत्य प्रकाश मिश्र, डा. केडी सिंह आदि मौजूद रहे।