हवा व बारिश से गन्ना व धान की फसल चौपट
दो दिन से रुकरुक कर तेज हवा के साथ हुई बारिश से किसानों की मेहनत पर प
शाहजहांपुर : दो दिन से रुकरुक कर तेज हवा के साथ हुई बारिश से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। जनपद में हजारों हेक्टेयर गन्ना व धान की फसल चौपट हो गई। इससे किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
इस वर्ष रिकार्ड बारिश हुई। जनवरी से अब तक कुल 1138 मिमी बारिश हो चुकी, जो कि सामान्य से 150 मिमी अधिक है। सितंबर की बारिश से किसानों को सर्वाधिक नुकसान हुआ। शनिवार व रविवार की तेज हवा के साथ 71 मिमी बारिश होने से खासकर धान और गन्ना की फसल गिर गई। इससे उपज दर पर प्रभाव पड़ना सुनिश्चित है।
68 मिमी बारिश से धराशाई हुई फसल
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डा. मनमोहन ¨सह ने बताया कि शनिवार को 3.5 मिमी तथा रविवार को 68.3 मिमी बारिश हुई। हवा का दवाब भी बना रहा। बारिश की नमी से जड़ों से कमजोर हुई फसल हवा का वेग सह न सकी। धान और गन्ना की फसल गिर गई।
तापमान गिरा, आर्द्रता बढ़ी
बारिश से न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जबकि बादलों के कारण दिन का तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नुकसान का होगा आंकलन : डीएओ
जिला कृषि अधिकारी डा. सतीश पाठक ने स्वीकार किया कि हवा व बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि नुकसान का आंकलन कराया जाएगा। यदि निर्धारित मानक से अधिक नुकसान हुआ है तो प्रधानमंत्री फसल बीमा से क्लेम भी दिलाया जाएगा।
माहवार बारिश पर एक नजर
माह : बारिश
जून : 69 मिमी
जुलाई : 613 मिमी
अगस्त : 324 मिमी
सितंबर : 95 मिमी
जनवरी से अब तक कुल बारिश : 1138 मिमी