घर में उपचार के लिए 79 लोगों को मुहैया कराई गई आक्सीजन
कोविड अस्पतालों में आक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के साथ ही घर में उपचार कराने वाले रोगियों को भी आक्सीजन की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। तीन दिन के भीतर 79 लोगों को निश्शुल्क आक्सीजन मुहैया कराई गई है। प्रशासन ने 23 टन लिक्विड आक्सीजन की शासन से मांग की है।
जेएनएन, शाहजहांपुर : कोविड अस्पतालों में आक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के साथ ही घर में उपचार कराने वाले रोगियों को भी आक्सीजन की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। तीन दिन के भीतर 79 लोगों को निश्शुल्क आक्सीजन मुहैया कराई गई है। प्रशासन ने 23 टन लिक्विड आक्सीजन की शासन से मांग की है। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने प्रमुख सचिव गृह से भी आक्सीजन मुहैया कराने की अपील की है।
जनपद में आक्सीजन के दो रिफिलर प्लांट हैं। दोनों से वर्तमान में सिर्फ उपचार के लिए ही आक्सीजन दी जा रही है, औद्योगिक उपभोग पूरी तरह बंद है। जबकि सामान्य दिनों में 75 फीसद औद्योगिक व 25 फीसद स्वास्थ्य सेवा के लिए आक्सीजन की आपूर्ति की जाती थी। आक्सीजन के राष्ट्रव्यापी किल्लत के बाद औद्योगिक आपूर्ति को रोक दिया गया है।
23 टन आक्सीजन मिलने पर दूर होगा संकट
प्रशासन ने 23 टन की लिक्विड आक्सीजन मांगी है। आपूर्ति होने के बाद दस दिन तक की जरूरत पूरी हो जाएगी। आक्सीजन आपूर्ति के लिए जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह प्रमुख सचिव गृह से भी वार्ता कर चुके है।
आक्सीजन के लिए लग रही कतार
पर्याप्त आक्सीजन के दावे के बावजूद लोगों को अभी ऑक्सीजन की सुचारू आपूर्ति पर भरोसा नहीं हो रहा है। रविवार को भी सिटी मजिस्ट्रेट दरबार में आवेदन से लेकर प्लांट तक लोग परेशान रहे। शाम तक 35 लोगों को आक्सीजन मुहैया करा दी गई। जबकि तीन दिन के भीतर 79 लोगों को आक्सीजन मिल चुकी है।
फैक्ट फाइल
- 19 लोगों को शुक्रवार को दी गई आक्सीजन
- 25 मरीजों के लिए शनिवार को प्रशासन ने की व्यवस्था
- 35 लोगों ने रविवार को घर में उपचार के लिए प्राप्त किए आक्सीजन सिलेंडर
वर्जन
आक्सीजन की कोई किल्लत नही है। घर में भी उपचार के लिए आक्सीजन दी जा रही है। 23 टन आक्सीजन की डिमांड की गई है। जल्द ही मिल जाएगी। इससे समस्या दूर हो जाएगी।
राजेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट