महिला की डंडे से पीटकर हत्या, पति समेत दो घायल
ग्राम समाज की भूमि पर कूड़ा डालने व पालतू पशु बांधने को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार शाम को अनुसूचित जाति की महिला की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। जबकि उनके पति समेत दो लोग घायल हो गए। जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एसपी एस आनंद व एएसपी सिटी संजय कुमार ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली।
जेएनएन, कांट, शाहजहांपुर : ग्राम समाज की भूमि पर कूड़ा डालने व पालतू पशु बांधने को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार शाम को अनुसूचित जाति की महिला की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। जबकि उनके पति समेत दो लोग घायल हो गए। जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एसपी एस आनंद व एएसपी सिटी संजय कुमार ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली।
क्षेत्र के इंदेपुर गांव निवासी आरेंद्र कुमार बाल्मीकि घर के सामने ही ग्राम समाज की भूमि पर कूड़ा डालते है। इसके अलावा पालतू पशुओं को भी बांधते है। इसको लेकर पड़ोसी खुशीराम प्रजापति, विद्याराम व सोहन लाल अक्सर विरोध करते थे। शुक्रवार शाम आरोपितों ने आरेंद्र के खूंटे तोड़ दिए। इसके अलावा कूड़ा भी हटाने लगे। जिसका आरेंद्र की पत्नी जलधारा ने विरोध किया। जिस वजह से दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर खुशीराम व उनके स्वजन ने डंडे से जलधारा की पिटाई कर दी। बचाव में पहुंचे आरेंद्र व उनके चाचा बाबूराम की भी पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपित भाग गए। घटना की जानकारी जब पुलिस को लगी तो घायलों को अस्पताल भिजवाया गया जहां जलधारा को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। एएसपी एस आनंद व एएसपी सिटी ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक राजितराम को आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपितों के तीन-चार स्वजन को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। इसके अलावा संभावित स्थानों पर दबिश भी दी। जलधारा के पांच बच्चे है।
वर्जन
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी है। जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एस आनंद, एसपी