संदिग्ध हालात में गोली लगने से युवक की मौत
संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से युवक घायल हो गया। परिजन गंभीर अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
जेएनएन, जलालाबाद, शाहजहांपुर : संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से युवक घायल हो गया। परिजन गंभीर अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद किया है। परिजन इस मामले में चुप्पी साधे हुए है।
क्षेत्र के गांव शेरपुर चिरकुटी निवासी रामू मंगलवार शाम को अपने कमरे में लेटा था। कमरे से गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो रामू जमीन में पड़ा था। रामू के कोख में गोली लगी थी। जबकि पास में तमंचा पड़ा था। परिजन गंभीर अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरिया लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रामू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। रामू की तीन साल पहले शादी हुई थी। कोतवाल रवि कुमार ने बताया कि मौके से तमंचा बरामद किया है। परिजनों ने अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।