दिल्ली से परवान चढ़ा था प्रेम, बंदिश लगाने पर हुआ विवाद
अंजली व बबलू के बीच प्रेम प्रसंग दिल्ली में परवान चढ़ा था। इस बात की भनक राजवीर को लगी तो उसने पाबंदी लगाना शुरू कर दिया था।
जेएनएन, निगोही, शाहजहांपुर : अंजली व बबलू के बीच प्रेम प्रसंग दिल्ली में परवान चढ़ा था। इस बात की भनक राजवीर को लगी तो उसने पाबंदी लगाना शुरू कर दिया था। इस बात को लेकर कई बार दोनों में विवाद भी हो चुका था।
पिता राजेंद्र व मां लक्ष्मी देवी की मौत के बाद राजवीर पर ही दो बहन व एक भाई के पालन-पोषण की जिम्मेदारी आ गई थी। गांव में जब मजदूरी ठीक से नहीं मिली तो वह अपने छोटे भाई अजय व बुआ के बेटे बबलू के साथ दिल्ली चला गया था। कुछ दिनों बाद अंजली भी दिल्ली पहुंच गई। एक ही कमरे में सभी लोग रहते थे। अजय ने बताया कि करीब एक साल पहले भाभी का बबलू से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। इसकी जानकारी राजवीर को हुई तो उन्होंने दोनों को समझाया था। करीब चार माह पहले बबलू घर चला आया था। लेकिन बबलू की अंजलि से फोन पर बात होती थी। लॉकडाउन के बाद राजवीर भी परिवार के साथ घर आ गया था।
चार दिन पहले भी हुआ था विवाद
अजय के मुताबिक चार दिन पहले दोनों में फोन पर बात होती देख राजवीर ने नाराजगी जताई थी। बबलू को भी फोन पर हिदायत दी थी। इसके बाद बबलू के तिलक में गिले शिकवे दूर हो गए थे। वही, राजवीर ने बहन ज्योति की दो साल पहले शादी की थी। अब छोटी बहन रेनू की जिम्मेदारी अजय पर आ गई है।
अंजली की चीख पर पहुंचे थे ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह करीब चार बजे अंजली की चीख सुन कर मौके पर पहुंचे थे। उस समय बबलू गांव से भाग गया था। मामले में अंजलि के मायके वाले भी चुप्प्पी साधे हैं।