आधी रात के बाद तक प्रचार, खाने में करेला रोटी और अचार
सुबह के सात बजे हैं भाजपा प्रत्याशी अरुण सागर के आवास के बाहर समर्थकों की भीड़ है।
नरेंद्र यादव, शाहजहांपुर : सुबह के सात बजे हैं, साउथ सिटी में स्थित भाजपा प्रत्याशी अरुण सागर के आवास के बाहर समर्थकों की भीड़ है। घर के अंदर से आवाज आती है टिफिन में करेला -रोटी और बैग में भुना चना रख देना। पत्नी रूपा सागर ने टिफिन के साथ चना पैक करके ड्राइवर को दे दिया। साढ़े सात बजे अरुण सागर बाहर निकले। समर्थकों ने घेर लिया। उम्र के अनुसार हाथ जोड़कर पैर छूकर सभी से जलालाबाद जनसभा में पहुंचने का आग्रह किया। इसके बाद अपनी गाडी़ में बैठ लिए। हनुमतधाम में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना से गुफ्तगू के बाद काफिला जलालाबाद के लिए चल दिया। पौने दस बजे कांट पहुंचते ही भीड़ को देख रुक गये। यहां भी उम्र के हिसाब से लोगों का अभिभावदन किया। जमुनिया, जरावन, उबरिया में ठहराव के साथ काफिला जलालाबाद पहुंचा। सेठ सियाराम इंटर कॉलेज में जनसभा के दौरान अरुण सागर ने बड़े बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। यहां कुछ युवाओं ने उनके साथ सेल्फी ली। दो घंटे की जनसभा के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अरुण सागर को जिताने की अपील करते हैं। सभा समाप्ति के साथ अरुण पालिकाध्यक्ष मनेंद्र गुप्ता, पूर्व प्रमुख गेंदनलाल गुप्ता, भाजपा नेता मनोज कश्यप, अरविद पाल, अनिल गुप्ता अल्हागंज आदि के साथ तहसील के लिए रवाना हुए। रास्ते में गोलगप्पे देख उनका मोह नहीं छोड़ सके। स्वाद चखकर आगे बढ़ जाते हैं। रास्ते में फुटपाथ पर कपड़े बेच रहे राम प्रसाद के पैर पकड़ लेते। जाऊ जितहुऊ का अशीर्वाद मिलने के बाद ही अरुण आगे बढ़े। ग्राम सिकनपुर की महिला शंकरी से हाथ जोड़ते हुए वोट की फरियाद की। महिला झल्लाकर बोली। वोट कतई नाई दिहीं, प्रधान ने हमारो कोई काम नाइ करो.., आवास अभई नाई, अरुण ने कहा कि वह मोदी के लिए वोट मांग रहे हैं, जवाब संतोषजनक मिला तो नगर पालिका पहुंचे। लस्सी के स्वाद के बाद तहसील में वकीलों से जनसंपर्क किया। धनपाल सिंह, अनिल कुमार यादव आदि वकीलों से भेंटकर समर्थन मांगा। यहां से अरुण सागर तिलहर में नुक्कड़ सभा को निकल गए। रात 10 बजे शहर में पहुंचे। डॉक्टरों से भेंट के बाद नुक्कड़ सभाएं कीं।